महासमुन्द

व्हील चेयर, स्मार्टफोन, टॉकिंग घड़ी-कैलकुलेटर, मैग्निफायर बुक, ब्रेल किट, टॉकिंग थर्मामीटर, इंटरवेंशन किट पाकर खुश हुए दिव्यांग बच्चे
06-Apr-2023 2:52 PM
व्हील चेयर, स्मार्टफोन, टॉकिंग घड़ी-कैलकुलेटर, मैग्निफायर बुक, ब्रेल किट, टॉकिंग थर्मामीटर, इंटरवेंशन किट पाकर खुश हुए दिव्यांग बच्चे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 6 अप्रैल।
विकासखंड स्त्रोत केंद्र समन्वयक कार्यालय महासमुंद में दिव्यांग बच्चों को उनकी आवश्यकतानुरूप विभिन्न प्रकार के उपकरणों का वितरण किया गया। उपकरण वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पालिका अध्यक्ष राशि त्रिभुवन महिलांग, सामाजिक कार्यकर्ता कैलाश चंद्राकर, डीएमसी कमल नारायण चंद्राकर, एपीसी समावेशी शिक्षा डी.एन.जांगड़े, एपीसी विद्या साहू, एपीसी राजकुमार साहू, बीआरसीसी जागेश्वर सिन्हा, बीआरपी समावेशी शिक्षा अनिता निर्मलकर, करन सिंह सिसोदिया साइटसेवर्स समन्वयक द्वारा किया गया। 

कार्यक्रम में विभिन्न उपकरणों में 24 बच्चों को व्हील चेयर, 90 बच्चों को एमआर किट व चार्ट, प्री वोकेशनल किट, 30 बच्चों को बिहाइंड श्रवण यंत्र, 23 बच्चों को पॉकेट श्रवण यंत्र, 14 बच्चों को स्मार्टफोन, कक्षा 6 से 12 हेतु, टॉकिंग घड़ी 5, टॉकिंग कैलकुलेटर 5, स्टैंड मैग्नीफायर 5, बुक मैग्नीफायर 3, ब्रेल किट 15, फोल्डिंग केन 10, टॉकिंग थर्मामीटर 3, डेली लिविंग इंटरवेंशन किट 4 इत्यादि का वितरण किया गया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में पवन साहू सीएसी, रेणु चंद्राकर, प्रवीण सोनकुंवर, केशव साहू, भुवनेश्वर साहू का विशेष योगदान रहा।उपस्थित अतिथियों ने सभी दिव्यांग बच्चों के पालकों को वितरित किए जाने वाले उपकरणों के रखरखाव संबंधी दिशा निर्देश भी दिये। साथ ही शासन की दिव्यांग बच्चों के प्रति सकारात्मक पहलू को भी पालकों के समक्ष प्रस्तुत किया। सभी लाभार्थी पूरे उत्साह व उमंग के साथ कार्यक्रम में सम्मिलित हुए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि की आसंदी से राशि त्रिभुवन महिलांग ने कहा कि शासन से मिलने वाली यह सहायक उपकरण सभी दिव्यांग बच्चों के बहुत ही काम का है, इसका भरपूर लाभ उठाएं। सभी बच्चे अपने आप को कभी कम न आंके। आज देश और दुनिया में दिव्यांगजन भी डॉक्टर, इंजीनियर, वैज्ञानिक,संगीतकार, खिलाड़ी और अच्छे-अच्छे पदों में आसीन होकर अपना योगदान दे रहे हैं। खूब पढि़ए और आगे बढि़ए। देश का नाम रोशन कीजिए।

अध्यक्षता कर रहे कमल नारायण चंद्राकर ने शासन की समावेशी शिक्षा की योजना को बताते हुए कहा की कोई भी विद्यार्थी दिव्यांगता के कारण पढ़ाई से वंचित न हो, सभी को शिक्षा का अधिकार है। उन्हें सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएगी। कार्यक्रम को विद्या साहू, जागेश्वर सिन्हा, करण सिसोदिया, अनीता निर्मलकर ने भी संबोधित किया।


अन्य पोस्ट