महासमुन्द

आयोग ने निपटाया 13 वर्ष पुराना मामला, 15 लाख रुपए आवेदिका को दिलाने के निर्देश
06-Apr-2023 3:29 PM
आयोग ने निपटाया 13 वर्ष पुराना मामला, 15 लाख रुपए आवेदिका को दिलाने के निर्देश

सामाजिक मामलों के 3 प्रकरणों का आयोग ने किया निराकरण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,6 अप्रैल।
छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ.किरणमयी नायक ने कल जिला पंचायत के सभाकक्ष में महिलाओं से संबंधित शिकायतों के निराकरण के लिए जनसुनवाई की। इस मौके पर सदस्य डॉ.अनिता रावटे एवं जिला पंचायत अध्यक्ष उषा पटेल, जिला कार्यक्रम अधिकारी समीर पांडेय सहित जिला प्रशासन के संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

छत्तीसगढ़ महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. किरणमयी नायक की अध्यक्षता में कल 165 वीं जन सुनवाई हुई। कल की जनसुनवाई में 38 प्रकरण सुनवाई हेतु रखे गये थे। जन सुनवाई के दौरान दहेज प्रताडऩा के प्रकरण में दोनों पक्षों को सुना गया एवं समझाईश दी गई। सखी सेंटर की काउन्सलर जागेश्वरी सोनवानी ने कांउसिलिंग की तो दोनों पक्ष 15 दिन पश्चात एक साथ गांव में रहने को तैयार हुए।

इस प्रकरण पर श्रीमती रावटे को कहा गया कि दोनों पक्षों को एक साथ रहने की समझाइश दें और उनके समक्ष सखी सेंटर की काउन्सलर जागेश्वरी सोनवानी को स्टाम्प पेपर में दोनों पक्षों की शर्तों को लिखकर एक वर्ष तक निगरानी करें।  
इसी प्रकार एक अन्य मानसिक प्रताडऩा के प्रकरण में दोनों पक्षों को सुना गया। आवेदिका का कथन है कि नया मकान बनाने के लिये वर्ष 2010 में अनावेदक पक्ष को आवेदिका को 35 लाख रुपए देना था। जिसमें से आवेदिका को वर्ष 2010 में 25 लाख रुपए मिल गया है तथा 10 लाख रुपए नहीं मिला है। उक्त राशि 10 लाख रुपए यूनतम बैंक ब्याज की राशि के साथ आवेदिका द्वारा मांग की गयी है। अनावेदक 10 लाख रुपए आवेदिका को देने को तैयार है। दोनों पक्षों को समझाईश देने के पश्चात अनावेदक मकान के कब्जे के बदले आवेदिका पक्ष को 15 लाख रुपए देंगे। इस मामले में थाना प्रभारी पिथौरा एवं सदस्य अनिता रावटे के समक्ष में दो पक्ष एक माह के अंदर 15 लाख रुपए देने और लेने की तिथि थाना प्रभारी पिथौरा को अवगत कराते हुए पैसे एवं कब्जे का आदान-प्रदान करेंगें एवं आवेदिका की सामग्री को भी दिलवायेंगे।

एक अन्य सामाजिक बहिष्कार के मामले में उभय पक्ष उपस्थित रहे। अनावेदक पक्ष के द्वारा बताया गया कि उनके द्वारा कभी भी आवेदिका पक्ष पर कभी भी कोई रोक नहीं लगाई गई एवं गांव में सभी को उनके साथ सामान्य व्यवहार करने के लिये पूरी छूट है। आवेदिका पक्ष के द्वारा बताया गया कि उनके द्वारा 35 हजार रुपए कुमार साहू को दिया गया था एवं कुमार साहू द्वारा गांव में दिया गया है। इस पर कहा गया कि आवेदन में कुमार साहू का उल्लेख नहीं किया गया है।

इसे स्वीकार नहीं किया जा सकता है। अनावेदकों को निर्देश दिया गया कि आवेदिका पक्ष के साथ भविष्य में कोई भी सामाजिक बहिष्कार नहीं किया जावे यदि ऐसा नहीं किया जाता हैं तो आवेदिका पुन: आयोग में शिकायत कर सकती है।
एक अन्य मानसिक प्रताडऩा के प्रकरण में उभय पक्ष उपस्थित रहे। दोनों की चार बेटियां हैं जिसमें से 2 बेटियां आवेदक एवं 2 बेटियां आवेदिका के पास है। सुलह की कोई संभावना नहीं है। अनावेदक को 90 हजार वेतन मिलता है जिसमें से 25-30 हजार रुपए वह आवेदिका के बैंक खाते में जमा कराता है। दोनों के बीच संबध विच्छेद का प्रकरण न्यायालय में चल रहा है। अत: कार्रवाई न्यायालयीन प्रकरण होने के कारण सुुनवाई आयोग में नहीं की गई।

एक अन्य प्रकरण मेें आवेदिका नेे सम्पत्ति में अपना नाम चढ़ाये जाने हेतु अपना आवेदन प्रस्तुत किया था। जिस पर पुलिस प्रतिवेदन प्राप्त हुआ। जिसके बारे में आवेदिका को समझाईश दी गई। आवेदिका को पुलिस प्रतिवेदन की प्रतिलिपि दी गई जिसमें यह दर्शाया गया है कि आवेदिका का नाम राजस्व अभिलेख में चढ़ा दिया गया है। पुलिस प्रतिवेदन की सत्यता जांच कर असत्य पाये जाने पर वह अनिता रावटे सदस्य महिला आयोग को जानकारी दे सकती हैं।

इसी प्रकार पारिवारिक विवाद के प्रकरण में आवेदिका ने अनावेदक के विरूद्ध शिकायत दर्ज कराई थी कि सास की बचाओ बचाओ की आवाज सुनकर मैं उसे बचाने गई तो अनावेदकों ने मेरे साथ भी मारपीट की। कुछ देर समझाईश के बाद आवेदिका की सास ने  अपने छोटे बेटे साथ रहना मंजूर किया। दोनों पक्षों को समझाईश दी गई कि भविष्य में अनावश्यक विवाद ना करें। पुनरावृत्ति होने पर आवेदिका पुलिस थाने जाकर एफ आई आर दर्ज करा सकती है।

एक अन्य सामाजिक प्रताडऩा के प्रकरण में अनावेदकों का कहना था कि आवेदिका को समाज से अलग करने की कोई आवश्यकता नहीं हैं क्योंकि आवेदिका समाज की ही है। उन्होंने ग्राम समाज को निर्देशित किया है कि ग्राम स्तर पर कार्यक्रमों में शामिल किया जावे। आवेदिका बसना में रहतीं है। आवेदिका ने आवेदन में समाज से बहिष्कार आदि की बातें लिखी थीं। जिस पर समाजजनों ने कहा कि अब कोई आपत्ति नहीं हैं, समाज ने उसे स्वीकार किया है।

एक अन्य प्रकरण में आवेदिका अनुपस्थित थी। अनावेदक आशीष शर्मा ने बताया कि आवेदिका अपने घर के सामने में महिला आयोग का फ्लैक्स टांग रखा है। उस फ्लैक्स में लिखा है कि प्रकरण महिला आयोग में चल रहा है, उधार के लेन देन के लिये वहीं संपर्क करें। अनावेदकों के मिले इससे संबंधित एक फोटो और आवेदन आपत्तिजनक होने के कारण डीएसपी गरिमा दादर को जांच के लिये भेजा गया है। आदेश में कहा गया है कि उक्त फ्लेक्स उतरवाकर आवेदिका को 11 अप्रैल 2023 को अनिवार्यत: आयोग के समक्ष उपस्थिति हेतु निर्देशित किया जाय।
 


अन्य पोस्ट