महासमुन्द

कलश यात्रा के साथ श्री मारूति महायज्ञ शुरू
07-Apr-2023 2:32 PM
कलश यात्रा के साथ श्री मारूति महायज्ञ शुरू

महासमुंद, 7 अप्रैल। कल शाम भव्य कलश जल यात्रा के साथ श्री मारूति महायज्ञ का आगाज हुआ। इस दौरान हजारों की संख्या में माताओं व बहनों ने कलश यात्रा में भाग लिया। दुर्गा वाहिनी की बहनों द्वारा शौर्य प्रदर्शन और हनुमान का रूप धरे कलाकार को लोगों ने खूब सराहा। इसके पूर्व श्री मारूति महायज्ञ के यजमान विनोद सेवनलाल चंद्राकर यज्ञस्थल पर आयोजित विशेष पूजा में शामिल हुए। गुरूवार की शाम हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर श्री मारूति महायज्ञ आयोजन समिति के तत्वावधान में शहर के दादाबाड़ा से भव्य कलश जल यात्रा निकाली गई। श्री मारूति महायज्ञ के यजमान विनोद सेवनलाल चंद्राकर व निर्मला चंद्राकर सहित हजारों की संख्या में महिलाएं और श्रद्धालु साढ़े चार बजे कलश यात्रा पर निकले।

इस कलश यात्रा में भगवान श्रीराम, हनुमान, भगवान शिव की आकर्षक झांकी आकर्षण का केंद्र रही। इस दौरान डीजे व धुमाल के भक्ति गीतों पर श्रद्धालुजन भाव विभोर होते रहे। दुर्गा वाहिनी की बहनें शौर्य प्रदर्शन करते हुए कलश यात्रा के आगे-आगे चल रही थीं, वहीं भगवान राम की झांकी के पीछे महिलाएं शंखनाद करते हुए चल रही थी।  दुर्गा वाहिनी ने चौक चौराहों पर जोरदार शौर्य प्रदर्शन किया। इसके पीछे राउत नाचा के कलाकार रंग बिरंगी वेशभूषा पहने हाथ में डंडा धारण कर नृत्य कर रहे थे। शंखनाद के कलाकार शंख बजाकर वातावरण को धर्ममय बना रहे थे। पहली बार शहर में हो रहे मारुति यज्ञ को लेकर लोगों में खासा उत्साह है। कल सुबह से यज्ञ स्थल दादा बाड़ा में साज सज्जा के साथ तैयार हो गया था। यहां यज्ञ के लिए कुल 21 कुंड बनाया गया है। जहां 100 यजमान एक साथ यज्ञ कर रहे हैं। इसके साथ ही भव्य डोम बनाया गया है। जहां प्रवचन होगा।

इस दौरान कलश यात्रा का जगह-जगह आतिशबाजी के साथ स्वागत किया गया। इसके पूर्व कल गुरूवार की सुबह यज्ञस्थल पर यजमान विनोद सेवनलाल चंद्राकर विशेष पूजा अर्चना में शामिल हुए। गौरतलब है कि कल छह अप्रैल से दादाबाड़ा में पंच दिवसीय श्री मारूति महायज्ञ आयोजित है। जिसके लिए बुधवार को यज्ञाचार्य पं पंकज तिवारी ने यजमान विनोद सेवनलाल चंद्राकर व उनके परिवार का विधि विधानपूर्वक विभिन्न संस्कार कराया। मारूति महायज्ञ के दौरान प्रतिदिन सुबह सात से 9 बजे तक पूजन, दस से 12 बजे तक यज्ञ, दोपहर 12 बजे मध्यान्ह आरती, दोपहर दो से चार बजे तक भजन कीर्तन, शाम चार से साढ़े छह बजे तक प्रवचन व शाम सात बजे आरती का कार्यक्रम होगा। समिति के सदस्यों ने बताया कि श्री मारुती महायज्ञ के समापन के दिन विश्राम यात्रा निकाली जाएगी।


अन्य पोस्ट