महासमुन्द

जांच अधिकारी छुट्टी पर, जिन हितग्राहियों को चावल नहीं दिया उन्हें प्रति किलो की दर से 20 रुपए लौटा रहा सेल्समेन
08-Apr-2023 3:20 PM
जांच अधिकारी छुट्टी पर, जिन हितग्राहियों को चावल नहीं दिया उन्हें प्रति किलो की दर से 20 रुपए लौटा रहा सेल्समेन

गायब हुए 78 लाख के चावल रिकवरी का मामला

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 8 अप्रैल।
कृषि साख सहकारी समिति रसोड़ा अंतर्गत सहकारी उचित मूल्य की दुकान बरगांव के सेल्समेन लंबोदर प्रधान ने मार्च 2023 महीने के राशनकार्ड के हितग्राहियों को ई-पॉस मशीन से थम्ब इंप्रेशन कराने के बाद भी एक माह तक राशन नहीं दिया। पूरा मार्च महीना ही निकल गया। मामले की शिकायत होता देख सेल्समेन लंबोदर प्रधान ने अप्रैल के राशन के साथ मार्च महीने के चावल के बदले में प्रति किलोग्राम 20 रुपए की दर पैसे बांटने का काम शुरू कर दिया है। जांच अधिकारी एसडीएम हेमंत नंदनवार ने मामले की जांच के निर्देश दिये हंै, लेकिन जांच अधिकारी छुट्टी परहैं।

गौरतलब है कि इस मामले में हितग्राहियों से मिली शिकायत के बाद अधिकारियों ने उचित मूल्य दुकान बरगांव का भौतिक सत्यापन किया था। इस दौरान 12 राशन दुकानों में गड़बड़ी मिली थी। इन 12 में से एक दुकान निरस्त, 2 निलंबित, 7 दुकानों से वसूली की गई थी। वहीं 2 दुकानों से वसूली की जा चुकी है।

ग्रामीणों की शिकायत है कि सेल्समेन लंबोदर प्रधान हर महीना राशनकार्ड उपभोक्ताओं से ई-पॉस मशीन से थम्ब इंप्रेशन लेता है, लेकिन राशन का वितरण अगले महीने करता है। कोरोनाकाल की त्रासदी के बाद शासन-प्रशासन मुसीबत झेल रहे गरीब तबके के राशन कार्डधारियों को किसी प्रकार की कोई परेशानी ना हो, इसलिए 1-2 रुपए में मिलने वाला राशन मुफ्त दे रही है। इसके अलावा पारदर्शिता एवं भ्रष्टाचार रोकने के लिए ई-पॉस मशीन पर थम्ब इंप्रेशन से राशन का वितरण किया जा रहा है। शासन प्रशासन ने जिनके भरोसे गरीबों को चावल देने की योजना बनाई थी, उन्हीं लोगों द्वारा इसमें गड़बड़ी जारी है।

मामला बसना विकासखंड के ग्राम पंचायत बरगांव के सहकारी उचित मूल्य दुकान का है। जहां सेल्समेन द्वारा गरीब राशन कार्डधारियों से मार्च 2023 में ई-पॉस में फिंगर ले-लेने के महिना बीतने के बाद भी चावल वितरण नहीं किया। जिसके चलते गरीब हितग्राहियों के समक्ष भूखे रहने की नौबत आ गयी। जब हितग्राहियों ने मामले में आवाज उठाई तो सेल्समेन ने मामले को दबाने और जांच में विलंब होने के चलते राशन की जगह पैसा बांटने का काम शुरू कर दिया है।

इस संबंध में जब सेल्समेन से चर्चा की गई तो लंबोदर प्रधान ने कहा कि सारे मामले सुलझा लिये गये हैं। मार्च माह का चावल वितरण किया गया है। जबकि कुछ हितग्राहियों को चावल के बदले रुपए दिये गये हैं।
खाद्य निरीक्षक बसना ललिता शर्मा का कहना है कि  एसडीएम हेमंत नंदनवार ने मामले की जांच के निर्देश दिये हंै। जांच में शामिल अधिकारी छुट्टी पर हैं। लिहाजा जांच की प्रक्रिया पूरी नहीं हो पायी है। एक-दो दिन में जांच की कार्रवाई पूरी कर ली जायेगी।
 


अन्य पोस्ट