रायपुर, 25 जनवरी। छत्तीसगढ़ में धान खरीदी में पिछले साल का रिकार्ड टूट गया है। पिछले वर्ष 144.92 लाख टन धान की खरीदी की गई थी। इस वर्ष आज तक हुई खरीदी 145 लाख टन से पार हो गयी । खाद्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश के 25 लाख 13 हजार किसान धान बेच चुके हैं।और अभी तक किसानों को 29 हजार 599 करोड़ का भुगतान किया गया है। और अभी तक 110 लाख टन धान के उठाव के लिए डीओ और टीओ जारी कर दिया गया है। जिसके विरूद्ध 87 लाख टन से अधिक धान का उठाव हो चुका है। धान खरीदी 31 जनवरी तक चलेगी।
प्रदेश के समस्त पंजीकृत कृषकों को खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 में धान विक्रय हेतु टोकन की सुविधा ऑनलाईन एप्प (टोकन तुंहर हांथ) एवं उपार्जन केन्द्रों में 25 जनवरी तक के लिए उपलब्ध कराया गया है। किसान सुविधा अनुसार तिथि का चयन कर नियमानुसार धान विक्रय कर सकते है। राज्य सरकार द्वारा समर्थन मूल्य की तहत 24 जनवरी को 30 हजार 762 किसानों से 1.41 लाख टन धान की खरीदी की गई है। इसके लिए 58 हजार 997 टोकन जारी किए गए थे।