रायपुर

बोरियाखुर्द जमीन मामले में जेसी समेत 4 निलंबित
18-Apr-2026 6:27 PM
बोरियाखुर्द जमीन मामले में जेसी समेत 4 निलंबित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 18 अप्रैल। खबरदार अखबार छत्तीसगढ़ की खबर पर निगम आयुक्त विश्वदीप ने बड़ी कार्यवाही की है। छत्तीसगढ़ ने दो दिन पहले ही बिल्डर डेवलपर, भूमाफिया के साथ जोन अमले और टाउन एंड कंट्री प्लानिंग की मिली भगत का खुलासा किया था।

निगम के जोन अंतर्गत मठपुरैना से बोरियाखुर्द गांव की सीमा से लगी लगभग 150 एकड़ जमीन की मार्ग संरचना अनुमति मामले में 4 अधिकारियों को आयुक्त विश्वदीप ने सस्पेंड कर दिया है। जिन अधिकारियों पर कार्रवाई हुई है, उनमें पूर्व जोन कमिश्नर विवेकानंद दुबे तथा इंजीनियरों में कार्यपालन अभियंता आशीष शुक्ला तथा अन्य इंजीनियर में योगेश यदु और अजय श्रीवास्तव शामिल हैं।

इस मार्ग संरचना की फाइल को बिना कमिश्नर की अनुमति इन्होंने सीधे टाउन एंड कंट्री प्लानिंग संचालनालय भेजा था। वहां भी सक्षम अधिकारियों ने इसकी छानबीन किये बिना 150 एकड़ जमीन में से 40 एकड़ जमीन पर नक्शा पास करके निर्माण की अनुमति हाल ही में दे दी थी। निगम आयुक्त ने जब इस पर आपत्ति जताई, तब टाउन एंड कंट्री प्लानिंग के संयुक्त संचालक ने स्वीकृत मार्ग संरचना को निरस्त कर दिया। इसके चलते इस पूरे मामले में निगम जोन कमिश्नरी और टाउन एंड कंट्री प्लानिंग संचालनालय की मिलीभगत का अंदेशा लगाया जा रहा है।

निगम आयुक्त विश्वदीप ने मामले की जांच के लिए चार सदस्यीय कमेटी का गठन किया है। इस संबंध में आदेश नगर पालिका निगम रायपुर कार्यालय से जारी किया गया है।

नगर पालिका निगम आयुक्त विश्वदीप ने कहा कि चार सदस्यीय जांच कमेटी गठित की गई है। इसमें पंकज शर्मा (अपर आयुक्त, नगर निवेश) को कमेटी का अध्यक्ष बनाया गया है। आभाष मिश्रा (नगर निवेश) सदस्य हैं। आशुतोष सिंह (कार्यपालन अभियंता, नगर निवेश) सचिव हैं। साथ ही सोहन गुप्ता (उप अभियंता, नगर निवेश) सदस्य हैं। कमेटी से मामले की विस्तृत जांच कर प्रतिवेदन मांगा गया है।


अन्य पोस्ट