रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 18 अप्रैल। प्रदेश में सूरज की तपिश सुबह 7 बजे से होने लगी है।? और 11 बजते तक पारा 30 डिग्री को पार कर रहा है। गर्मी से फिलहाल कोई राहत नहीं मिलेगी।
कल 19 अप्रैल को मौसम मुख्यत: शुष्क रहने से प्रदेश में अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है। प्रदेश में ग्रीष्म लहर जैसी स्थिति बनी रहेगी। हालांकि जंगलों से भरपूर बस्तर संभाग के जिलों में अधिकतम तापमान में मामूली गिरावट संभावित है।
वहीं एक उत्तर दक्षिण द्रोणिका पूर्वी उत्तर प्रदेश से मन्नार की खाड़ी तक पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ, तेलंगाना, रॉयल सीमा और तमिलनाडु होते हुए 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है।
एक पूर्व पश्चिम द्रोणिका पूर्वी उत्तर प्रदेश से मणिपुर तक बिहार, अप हिमालयीन पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय होते हुए 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। एक प्रति चक्रवात अंदरुनी महाराष्ट्र और उससे लगे तेलंगाना तथा उत्तर अंदरूनी कर्नाटक के ऊपर 3.1 किलोमीटर से 5.8 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है।


