रायपुर

मार्ट से लौट रही महिला का मंगलसूत्र झपट कर भागा नकाबपोश
17-Apr-2026 10:11 PM
मार्ट से लौट रही महिला का मंगलसूत्र झपट कर भागा नकाबपोश

 मारपीट के बाद स्कूटी में आगजनी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 17 अप्रैल। बीते दिनों राजधानी और उसके आसपास के थाना इलाकों में लूट, मारपीट और आगजनी की घटना सामने आई है। इस बीच मार्ट से लौट रही महिला से मंगलसूत्र झपटने और युवक से मारपीट कर स्कूटी में आग लगाने की घटनाएं हुई। मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ 304, 326 एफ का अपराध दर्ज किया है। मामले की जांच कर रही है।

पहली घटना डीडीनगर की है। जहां मथुरा डिडवानिया रीजेंसी निवासी महिला यशस्वी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 15 अप्रैल की रात 9.40 बजे वह डी-मार्ट से सामान लेकर पैदल घर लौट रही थीं। इस दौरान वह सिद्धि विनायक पैलेस के पास एक अज्ञात युवक जिसने चेहरे पर काला स्कार्फ बांध रखा था, उनके पास आया और धमकाते हुए मंगलसूत्र छीनकर फरार हो गया। उसने घटना की जानकारी अपने पति को दी और पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई। मंगलसूत्र की कीमत लगभग 55 हजार रुपये बताई जा रही है।

उधर मुजगहन इलाके के ग्राम धुसेरा निवासी विनय ने बताया कि 12 अप्रैल को वह अपने बेटे को लेने एक्टिवा सीजी 04 क्यूबी 3885 से ग्राम जुलुम गया था। जहां गांव के कुछ लोगों ने उसके साथ मारपीट की। मारपीट के दौरान उसे और उसके बेटे को चोंटे आई। घटना के बाद वह स्कूटी वहीं छोडक़र बेटे को लेकर चला गया। इलाज के  बाद 16 अप्रैल को जब वह अपनी एक्टिवा लेने वापस पहुंचा, तो स्कूटी वहां नहीं मिला। पूछताछ में पता चला कि अज्ञात व्यक्ति ने गांव के तालाब के पास उसकी एक्टिवा को आग के हवाले कर दिया।

दोनों मामलों में पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपियों की तलाश जारी है।


अन्य पोस्ट