रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 18 अप्रैल। लोन दिलाने के नाम पर जरूरी दस्तावेज लेकर एक साथ कई बैंकों से 27.50 लाख रुपए का स्वयं लोन लेकर धोखाधड़ी करने के मामले में पुलिस ने आरोपी होरी लाल पंकज को गिरफ्तार किया है।
बीएसयूपी कालोनी पंडरी निवासी कृष्णा राव 32 ने बीती आधी रात रिपोर्ट दर्ज कराई। जीतेश चंद्राकर और होरीलाल पंकज पर धारा 318-4,61-2 का अपराध दर्ज किया गया था। पुलिस के अनुसार 3 जुलाई से 25 अगस्त 25 के बीच दोनों ने कृष्णा राव से लोन दिलाने के लिए आधार कार्ड, मतदाता परिचय पत्र, मकान के कागजात जैसे कुछ दस्तावेज के साथ प्रोसेसिंग के लिए 5000 रूपए लिए। और कृष्णा की जानकारी के बगैर अलग-अलग बैंकों से 27.50 लाख लोन लेकर धोखाधड़ी की। कृष्णा के बैंक के माध्यम से इसका खुलासा हुआ।
बीएसयूपी कॉलोनी दलदल सिवनी निवासी कृष्णा राव, जो जोमैटो में डिलीवरी बॉय का काम करते हैं, ने शिकायत में बताया कि 6 माह पहले डिलीवरी के काम के दौरान उनकी मुलाकात होरीलाल पंकज नामक व्यक्ति से हुई थी। उसने खुद को लोन एजेंट बताते हुए लोन दिलाने का ऑफर दिया और बाद में जितेश चंद्राकर से मिलवाया।
आरोप है कि दोनों ने लोन दिलाने के नाम पर 5,000 रुपये नगद फीस ली और आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक पासबुक व चेकबुक जैसे जरूरी दस्तावेज अपने पास रख लिए। इसके बाद आरोपियों ने बिना जानकारी के विभिन्न बैंकों से उसके नाम पर लोन निकाल लिया।
उसके आईडीएफसी बैंक से 75 हजार रुपए, एचडीबी फाइनेंस से 25 हजार रुपए, और अन्य बैंकों से 10 लाख 16.50 लाख रूपए का लोन लिया गया। इस तरह 27.50 लाख रुपए आरोपियों ने हड़प लिए थे। $कृष्णा राव ने बताया कि उसने खुद कोई लोन नहीं लिया और उसे इसकी जानकारी भी नहीं थी। मामले में पुलिस ने शिकायत के आधार पर धारा 318(4) और 61(2) के अपराध में आरोपी को गिरफ्तार किया है।


