रायपुर

मोटोकॉर्प कंपनी के कर्मियों ने 6.82 लाख के आटोपार्टस् गबन किया
18-Apr-2026 6:28 PM
मोटोकॉर्प कंपनी के कर्मियों ने 6.82 लाख के आटोपार्टस् गबन किया

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 18 अप्रैल। खमतराई स्थित एक निजी कंपनी में कर्मचारियों पर लाखों रुपए के मोटर पार्ट्स गबन करने का आरोप लगा है। कंपनी प्रबंधन ने इसकी लिखित शिकायत थाना में दर्ज कराई है।

रामा मोटोकॉर्प प्राइवेट लिमिटेड, धनेली रोड रावांभाठा मेटल पार्क में कार्यरत मैनेजर अंकुर जिंदल ने शिकायत में बताया कि कंपनी के कर्मचारी उत्कर्ष मंडल, हर्ष साहू, चेतन साहू, कुलदीपक साहू और लक्ष्मण साहू ने मिलकर मोटर पार्ट्स का गबन किया है। आरोप है कि सितंबर 2025 से 12 अप्रैल 2026 के बीच इन कर्मचारियों ने कंपनी के विभिन्न महंगे पार्ट्स को विश्वास में लेकर हड़प लिया।

शिकायत में बताया गया है कि गबन किए गए सामान में ,एनओएक्स सेंसर, इंजेक्टर, टेम्परेचर सेंसर, एयर कंट्रोल वाल्व, फिल्टर यूनिट सहित ऑटोमोबाइल पार्ट्स शामिल हैं। इन सभी की कीमत लगभग 6,82,309 रुपए बताई गई है।

कंपनी प्रबंधन का कहना है कि संबंधित कर्मचारियों को ये सामान विश्वासपूर्वक सौंपा गया था, लेकिन उन्होंने भरोसे का दुरुपयोग करते हुए गबन किया। मामले में शुक्रवार को थाना खमतराई में लिखित आवेदन दिया गया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। मामले में दस्तावेजों और स्टॉक रजिस्टर की जांच की जा रही है।


अन्य पोस्ट