‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर,13 अक्टूबर। विजयादशमी पर्व अम्बिकापुर नगर में सरगुजा सेवा समिति, नागरिक सेवा समिति व जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में अधर्म पर धर्म की, असत्य पर सत्य की व बुराई पर अच्छाई की जीत का पर्व दशहरा का मुख्य कार्यक्रम पीजी कॉलेज मैदान में हुआ, जहां मनमोहक संगीत एवं आकर्षक आतिशबाजी के साथ रावण, मेघनाथ व कुंभकरण का पुतला दहन किया गया। इस अवसर पर समिति द्वारा राम चरित मानस गायन एवं संभाग स्तरीय लोक नृत्य प्रतियोगिता के विजयी टीम को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
विजयादशमी महोत्सव को लेकर सरगुजा सेवा समिति, नागरिक सेवा समिति व जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वाधान में बड़े पैमाने पर तैयारियां की गई थी। दशहरा पर समिति द्वारा रामचरित मानस गायन प्रतियोगिता व संभाग स्तरीय लोक नृत्य कला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। आज दशहरा पर्व पर शहर में उमंग और उल्लास का माहौल देखने को मिला।
इस अवसर पर पीजी कॉलेज मैदान में होने वाले रावण दहन कार्यक्रम को देखने संभाग भर से हजारों की संख्या में लोग शहर पहुंचे। शहर समेत आसपास क्षेत्र से पहुंचे लोग दिन भर शहर के विभिन्न जगह दुर्गा पंडालों में मां दुर्गा के दर्शन व मेले का आनंद लिया।
दोपहर बाद से ही लोगों का जनसैलाब दशहरा स्थल पीजी कॉलेज मैदान की ओर कूच करने लगे और देखते ही देखते पीजी कॉलेज मैदान हजारों की संख्या में लोग आतिशबाजी के साथ रावण दहन देखने पहुंच गए। इधर शाम 4 बजे सरगुजा सेवा समिति, नागरिक सेवा समिति व जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में भगवान राम- लक्ष्मण, माता सीता व हनुमान की भव्य शोभायात्रा निकाली गई।
शोभायात्रा में सबसे आगे चल रहे नर्तक दल आकर्षण का केंद्र रहे। गाजेबाजे और भव्य आतिशबाजी के साथ शोभा यात्रा राम मंदिर से प्रारम्भ हुई जो जयस्तंभ चौक, सदर रोड, महामाया चौक, संगम चौक, देवीगंज रोड, घड़ी चौक, गांधी चौक, अम्बेडकर चौक होते हुए पीजी कॉलेज मैदान पहुंची जहां भक्ति गीतों और भगवान श्री राम के जयकारों से गुंजायमान रहा। भगवान राम लक्ष्मण सीता व हनुमान रूपी बालक बालिका को ससम्मान मंच पर लाया गया। जहां कार्यक्रम के मुख्य अतिथियों एवं आयोजन समिति के सदस्यों द्वारा स्वागत किया गया। इसके साथ ही संभाग स्तरीय रामचरित मानस, लोक नृत्य स्पर्धा में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले दलों को पुरस्कृत किया गया। इसके पश्चात मंच पर बैठे राम, लक्ष्मण व हनुमान को सहसम्मान नीचे उतारा गया जहां राम, लक्ष्मण द्वारा अग्निबाण चलाकर मेघनाथ, रावण व कुम्भकर्ण के पुतले का दहन किया।
शोभायात्रा में मंत्री नेताम हुए शामिल, जगह-जगह स्वागत
राम मंदिर से निकली शोभायात्रा का जगह जगह समाज के लोगों द्वारा स्वागत किया गया। इस दौरान कई जगहों पर भगवान राम, लक्ष्मण, सीता व हनुमान रूपी बालक बालिका का पूजा कर आर्शीवाद लिया। शोभा यात्रा नगर भ्रमण उपरान्त पीजी कॉलेज मैदान में समाप्त हुई जहां समिति सहित मुख्य अतिथियों द्वारा स्वागत किया गया।भगवान श्रीराम, लक्ष्मण तथा माता सीता की शोभा यात्रा में छत्तीसगढ़ शासन के केबिनेट मंत्री राम विचार नेताम, अंबिकापुर विधायक राजेश अग्रवाल,लुन्ड्रा विधायक प्रबोध मिंज, सरगुजा सेवा समिति अध्यक्ष श्रीमती रजनी रविशंकर त्रिपाठी, भाजपा जिलाध्यक्ष ललन प्रताप सिंह, नगर निगम सभापति अजय अग्रवाल, छत्तीसगढ़ युवा आयोग अध्यक्ष विश्वविजय तोमर, अनिल सिंह मेजर,ओम प्रकाश जायसवाल, अखिलेश सोनी, भारत सिंह सिसोदिया, अंबिकेश केशरी, आलोक दुबे, फुलेश्वरी सिंह, संजय अग्रवाल,राम गोयल,राधे गोयल,संदीप जायसवाल सहित अन्य गणमान्य शामिल रहे।
जिले में दशहरा का मुख्य कार्यक्रम शहर के पीजी कॉलेज मैदान में आयोजित किया गया। जहां विशाल रावण, मेघनाथ व कुंभकरण का पुतला दहन देखने लोगों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। दोपहर तक मैदान में ज्यादा भीड़ नहीं थी लेकिन जैसे ही राम मंदिर से शोभा यात्रा पीजी कॉलेज मैदान पहुंची तो देख ही देखते पूरा मैदान लोगों की भीड़ से खचाखच भर गया। हालांकि पुलिस प्रशासन द्वारा दशहरा आयोजन को लेकर पहले ही मनेन्द्रगढ़ मार्ग व बनारस मार्ग पर भारी वाहनों को प्रतिबंधित कर दिया था जिससे पैदल आने जाने वाले लोगों को ज्यादा परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ा।