रायपुर

राम जानकी की शोभायात्रा निकाली आतिशबाजी के साथ रावण दहन
13-Oct-2024 9:49 PM
 राम जानकी की शोभायात्रा निकाली आतिशबाजी के साथ रावण दहन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजपुर,13 अक्टूबर। विजयदशमी पर राजपुर महुआपारा के हाई स्कूल मैदान में रावण के पुतले का दहन किया  गया। रावण दहन के पूर्व घंटों तक भव्य आतिशबाजी का नजारा देखने को मिला। इस दौरान कार्यक्रम में हजारों की भीड़ उपस्थित थी।

 प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी राजपुर में भव्य रावण दहन किया गया। रावण दहन कार्यक्रम सम्पन्न करने हेतु हिंदु युवा एकता मंच के सदस्यों ने जोर-शोर से तैयारी की  थी। रावण दहन समिति द्वारा राजपुर के महुआपारा के हाई स्कूल मैदान में लगभग 70 फीट ऊँचा रावण बनाया गया था, इसके लिए लोहे की फे्र म का इस्तेमाल किया गया था। देर शाम माँ महामाया मंदिर प्रांगण से राम जानकी की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा पूरे नगर भ्रमण पश्चात करीब 7.30 बजे हाई स्कूल मैदान रावण दहन कार्यक्रम स्थल पर पहुंची।

शोभायात्रा के दौरान शैला नृत्य करमा नृत्य जैसे पारंपरिक नृत्यों का समावेश देखा गया। शोभायात्रा में सामरी विधायक उद्धेश्वरी पैकरा ने भी शिरकत की। शोभायात्रा के कार्यक्रम स्थल पर पहुँचते ही घंटों तक भव्य आतिशबाजी की गई तत्पश्चात करीब 9 बजे रावण दहन किया गया।

रावण दहन पश्चात हिंदू युवा एकता मंच के कार्यकर्ताओं ने जय श्रीराम का जमकर नारे लगाए। कार्यक्रम के दौरान संजय सिंह शिवनाथ यादव विनोद अग्रवाल जयगोपाल अग्रवाल मनोज गुप्ता राकेश झा सुरेश सोनी अनिल तिवारी मनोज अग्रवाल संतोष पांडे मनोज बंसल राजेश यादव प्रमोद ठाकुर राजेंद्र सिंह लीलु अग्रवाल संतोष तिवारी बदरू गुप्ता विद्यानंद दुबे विवेक यादव सहित भारी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।

कार्यक्रम को सफल बनाने में हिंदू युवा एकता मंच के आयुष जायसवाल आदित्य विभु जयसवाल यश अग्रवाल अनुभव गुप्ता पंकज ठाकुर मंत्र गोयल निशांत गुप्ता कवच गोयल अर्पित दुबे पीयूष गुप्ता मयंक गोयल रौनक गुप्ता वंश अग्रवाल एवं बाल सदस्य प्रवीण गुप्ता अंश गोयल समर्थ गुप्ता चीकू पांडेय विराट गुप्ता यश सोनी हनी सिंह चीनू सराहनीय योगदान रहा। कार्यक्रम में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर थाना प्रभारी भारद्वाज सिंह सहित अन्य पुलिस महकमा मौके पर मौजूद रहे।

इस वर्ष रावण दहन कार्यक्रम के दौरान गुटबाजी भी देखने को मिली। श्रीराम सेवा समिति द्वारा माँ महामाया मंदिर प्रांगण से राम लक्ष्मण जानकी एवं हनुमान जी की शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में दो अलग अलग वाहनों में दो-दो राम लक्ष्मण जानकी एवं हनुमान जी सवार थे, जबकि शोभायात्रा के कार्यक्रम स्थल पर पहुँचने से पहले ही वहाँ पूर्व से ही एक अलग राम लक्ष्मण जानकी एवं हनुमान जी मंच पर विराजमान थे।

 जब शोभायात्रा कार्यक्रम स्थल पर पहुँची तो रावण जलाने को लेकर आपसी खींचतान भी देखने को मिली। काफी खींचतान के बाद अन्तत: राम जी की आरती पश्चात सभी दलों के राम जानकी लक्ष्मण सहित हनुमान रावण जलाने पहुँचे। जैसे ही रावण जलाने के लिए रॉकेट में आग लगाया गया रॉकेट वहीं पर जल कर रह गया, रावण तक पहुँच ही नहीं पाया।जिसके बाद हिंदू युवा एकता मंच के कार्यकर्ताओं ने रावण के पुतले के पास जाकर पैरावट में आग लगाकर रावण को जलाया।


अन्य पोस्ट