कोण्डागांव

एसपी ने की शस्त्र और वाहन पूजा
13-Oct-2024 10:09 PM
एसपी ने की शस्त्र और वाहन पूजा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 13 अक्टूबर। शनिवार को पुलिस अधीक्षक वाय अक्षय कुमार ने पुलिस लाइन में विधिवत शस्त्र पूजा का आयोजन किया। साथ ही, पुलिस लाइन के वाहनों की भी पूजा संपन्न की गई। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कौशलेंद्र पटेल, डीएसपी सतीश भार्गव, रूपेश कुमारी, के मरकाम, और रक्षित निरीक्षक मनीष सिंह राजपूत सहित पुलिस के कई अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

 शस्त्र पूजा के पश्चात पुलिस अधीक्षक वाय अक्षय कुमार ने जिले के सभी पुलिस जवानों और आम जनता को विजयादशमी की शुभकामनाएं दीं। पूरे जिले के सभी थानों में शस्त्र पूजा का आयोजन किया गया, जिसमें कोण्डागांव के कोतवाली थाना में थाना प्रभारी सौरभ उपाध्याय ने परंपरागत विधि-विधान से शस्त्र पूजा संपन्न कराई। प्रधान आरक्षक मिथिलेश रजक ने पूजा का संचालन किया।

 विजयादशमी के अवसर पर शस्त्र पूजा की प्रथा का धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व है। मान्यता है कि मां दुर्गा ने नौ दिनों के युद्ध के पश्चात महिषासुर पर विजय प्राप्त की थी और इसी दिन भगवान राम ने रावण का वध कर अधर्म पर धर्म और असत्य पर सत्य की जीत दर्ज की थी। इस दिन शस्त्रों की पूजा को शक्ति और न्याय की प्रतीक के रूप में देखा जाता है, और पुलिस विभाग में इस परंपरा का विशेष महत्व है। पूरे आयोजन के दौरान पुलिस जवानों और अधिकारियों ने अपने कर्तव्यों के प्रति निष्ठा और समर्पण का संकल्प लिया, जिससे जिले में कानून व्यवस्था को और मजबूत करने का संदेश दिया गया।


अन्य पोस्ट