‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरूद, 9 अक्टूबर। सियासी दलों पर छल करने का आरोप लगा इस बार सर्व आदिवासी समाज चुनाव समर में उतर छत्तीसगढ़ में आदिवासी सरकार बनाने की तैयारी कर रहा है। इसके लिए उन्होंने निर्वाचन आयोग को हमर राज पार्टी एवं बाल्टी छाप को मंजूरी देने के लिए अर्जी दी है। आरक्षित सीटों के अलावा आदिवासी समाज की बड़ी आबादी वाली अनारक्षित सीटों पर भी समाज बैठक कर जीत की संभावना तलाश रही है।
रविवार को कुरुद विधानसभा मुख्यालय में स्थित अपने सामूदायिक भवन में सर्व आदिवासी समाज की बैठक हुई, जिसमें ध्रुव गोंड़, कंवर, नगारची, कंडरा, पारधी समाज के लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए। बैठक में समाज प्रमुखों ने बताया कि मौजूदा व्यवस्था में हम अपना प्रतिनिधि चुनकर भेजते हैं, लेकिन पार्टीगत नियमों में जकड़े लोग सदन में समाज हित के मुद्दे उठाने की जगह हाथ उठाने के काम आ रहें हैं, इस व्यवस्था को बदलने के लिए हमें ही मैदान में उतरना होगा।
सर्व आदिवासी समाज के जिलाध्यक्ष जीवराखन लाल मरई ने समाज से अव्हान किया कि इस बार समाज को राजनैतिक तौर पर राज्य का प्रतिनिधित्व करना है क्योंकि लगातार राजनैतिक पार्टियां आदिवासियों के साथ छल कर रही है। आदिवासियों के एक भी संवैधानिक मांगों को पूरा नहीं कर पा रही है ऐसे में आदिवासी समाज जाये तो कहां जाये। इसलिए समाज ने यह तय किया है कि राजनैतिक पार्टी बना चुनाव में जीत दर्ज कर समाज अपना प्रतिनिधि सदन में भेजेगी।
प्रदेश संयुक्त संचिव महेश रावटे ने बताया कि 2010 से आदिवासी समाज लगाता आवेदन, निवेदन, धरना, प्रदर्शन, आंदोलन कर रही है। इसके बावजूद सरकार आदिवासियों की नही सुन रही है। इसलिए इस बार हमने तय किया है कि हमर राज पार्टी के बैनर तले चुनाव लड़ प्रदेश में आदिवासी सरकार बनाएंगे। इसी के तहत कुरूद विधानसभा में समाज अपना प्रत्याशी खड़ा कर उसे अन्य समाज के सहयोग से जिताएंगे। इसके के लिए बकायदा चुनाव संचालन समिति बना सम्भावित प्रत्याशियों के नामों को अंतिम विचार के लिए प्रदेश कोर कमेटी भेजा जा रहा है।
बैठक में कुलंजन मण्डावी, कमल नारायण ध्रुव, ठाकुरराम, पोखराज नेताम, विजय कुंजाम, कामता, तेजराम, फलेंद्र, बोधन छैदेहा, बीरबल कुंजाम, होमन सिंह, सुभाष कतलाम, नरोत्तम पडोटी,अनुज ,रामकिशुन, ढालसिंह, मोहित, सुजान सिंह, ललित ठाकुर, बरसन पारधी,भूतनाथ, बसंत, थानसिंग नगारची, शिवदयाल, कलीराम, सन्तोष सोरी, राधेश्याम, परदेशी, रोहित नेताम, रामप्रसाद, समीर नेताम, लीलाराम, अशोक, कांशीराम, सोहन कंवर, टीकम कटारिया, अरुण, कुलेश्वर, परदेशी, रामेश्वर मरकाम, बंसत पडोटी, सरजूराम परते, राजकुमार,जग्गू पडोटी आदि शामिल थे।