धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरूद, 10 अक्टूबर। इस बार टिकट मिलेगी, नहीं मिलेगी जैसी तमाम अटकलों पर विराम लगाते हुए भाजपा ने छठवीं बार पूर्व मंत्री एवं वर्तमान विधायक अजय चन्द्राकर का नाम कुरुद सीट से फायनल कर दिया है। कल शाम उनके समर्थकों ने आतिशबाजी करते हुए नाच गाकर टिकट मिलने की खुशियां मनाई।
गौरतलब है कि कुरुद विधानसभा क्षेत्र में 1998 से लगातार भाजपा अपने काबिल नेता अजय चन्द्राकर पर भरोसा जताते आई है। ढाई दशक से क्षेत्र का नेतृत्व कर रहे श्री चन्द्राकर को उनकी ही पार्टी में किसी ने चुनौती नहीं दी थी, लेकिन इस बार जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष रघुनंदन साहू ने हिम्मत दिखाते हुए टिकट मांगी थी, लेकिन वे पार्टी नेताओं का भरोसा नहीं जीत पाए।
सोमवार को भाजपा द्वारा जारी अधिकृत सूची में कुरुद विधानसभा से अजय चन्द्राकर का नाम घोषित हुआ, उनके समर्थकों में हर्ष व्याप्त हो गया।
सोशल मिडिया से लेकर चौक-चौराहों में उनके चाहने वाले एक दुजे को बधाई देते नजर आए। शाम को कारगिल चौक में जमकर आतिशबाजी हुई। कुछ उत्साही समर्थकों ने थर्ड जेंडर के लोगों से नृत्य भी कराया। रात को राजधानी से लौटने पर भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं ने श्री चन्द्राकर का फूल मालाओं से जोशीले अंदाज में स्वागत किया।


