धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 9 अक्टूबर। चुनाव पूर्व युवा मतदाताओं एवं किसानों को साधने भाजपा कार्यालय कुरूद में एक के बाद एक दो सम्मेलन किए गए। जिसमें मौजूदा विधायक अजय चन्द्राकर एवं टिकट के दावेदार माने जा रहे रघुनंदन साहू, ज्योति चन्द्राकर सहित अन्य नेताओं ने अपनी बात रखते हुए हर हाल में चुनाव जितने का लक्ष्य निर्धारित किया।
रविवार को भाजपा के चुनाव कार्यालय में कुरूद विधानसभा युवा मोर्चा का सम्मेलन हुआ। जिसमें विधायक श्री चन्द्राकर ने युवा नव मतदाताओं को पार्टी के रीति नीति क्रियाकलापों विकासमूलक परियोजनाओं शिक्षा स्वास्थ्य सहित समग्र विचाराधारा से अवगत कराया। उन्होंने चुनाव जितने में युवा शक्ति की अहम भूमिका को स्वीकारते हुए इस बार भी कमर कस के तैयार रहने का आह्वान किया। प्रदेश भाजपा सदस्य निरंजन सिन्हा, जिला उपाध्यक्ष ज्योति चन्द्राकर, गौकरण साहु, विधानसभा संयोजक दयाराम साहू ने अपनी वाणी से युवाओं में जोश भरने का काम किया।
इस कार्यक्रम के फौरन बाद शुरू हुए भाजपा किसान मोर्चा के सम्मेलन में अप्रत्याशित रूप से जिला पंचायत पूर्व अध्यक्ष नजर आएं। कुरुद विधानसभा से भाजपा की टिकट मांग रहे रघुनंदन साहू को इस तरह के कार्यकम में शामिल होने से कई पार्टी नेता हैरान और कुछ परेशान थे। सालों बाद विधायक अजय चन्द्राकर को उनके साथ मंच साझा करते देख कार्यकताओं में कानाफूसी होती रही।
मुख्य वक्ता के रूप में विधायक श्री चन्द्राकर ने सामने बैठे ग्रामीण किसानों को राजस्व रिकार्ड के बुनियाद पर 20 क्विंटल धान उत्पादन नहीं होने संबंधी अपना विवादित बयान दोहराया। उन्होंने 25 सौ रुपए में धान खरीदी नहीं होने, आदान राशि, धान से चांवल बनाने का कठिन गणित समझाने का प्रयास किया। अपने मंत्रित्वकाल में हुए विकास कार्यों का जिक्र करते हुए पूर्व मंत्री ने कहा कि बिते पांच सालों में क्षेत्र में एक भी उल्लेखनीय कार्य नहीं हुआ है।
वर्तमान में यहां चोरी एवं आपराधिक आय से चलने वाली सरकार है, इनकी बिदाई के बाद ही हमें लाभ होगा। इसके पूर्व टिकट के दुसरे प्रबल दावेदार रघुनंदन साहू ने भ्रष्टाचार के मुद्दे पर राज्य सरकार को घेरते हुए मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाई। ध्यान से उनकी बात सुन रहे विधायक ने ताली बजाकर पुर्व जिला पंचायत अध्यक्ष के भाषण का समर्थन किया। कार्यक्रम का संचालन संयोजक भानु चन्द्राकर ने एवं आभार किसान मोर्चा मंडल अध्यक्ष शेखर साहू ने किया। इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेतागण विधानसभा से आये किसान मोर्चा के कार्यकर्ता उपस्थित थे।


