धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नगरी, 8 अक्टूबर। विकासखण्ड नगरी के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सांकरा को राष्ट्रीय स्तर की गुणवत्ता सर्टिफिकेट प्राप्त हुआ है।
बी.पी.एम. हितेन्द्र कुमार साहू और पीएचसी सांकरा के प्रभारी किशोर कुमार साहू ने बताया कि 3 और 4 सितंबर को दो दिन रुककर केंद्रीय मूल्यांकन टीम ने 5 विषयों प्रसव कक्ष, ओपीडी , आईपीडी , लेबोरेटरी और राष्ट्रीय कार्यक्रमों के क्रियान्वयन पर विभिन चेक पॉइंट्स पर मूल्यांकन किया, जिसमें उनके द्वारा दस्तावेजों का परीक्षण, स्टाफ का इंटरव्यू , मरीजो का इंटरव्यू किया गया। फील्ड स्तर के मैदानी कार्यकर्ताओं का भी इंटरव्यू लिया गया और सभी राष्ट्रीय कार्यक्रमों के क्रियान्वयन की समीक्षा और मूल्यांकन किया गया।
इसके बाद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को केंद्रीय स्वास्थ्य विभाग ने 26 सितंबर के माध्यम से पत्र जारी कर पी एच सी सांकरा के एनक्यूएएस सर्टिफाइड होने की जानकारी दी है। डॉ. डी आर ठाकुर बीएमओ नगरी ने बताया कि इससे पूर्व भी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सांकरा ने स्थानीय ग्राम पंचायत के साथ मिलकर राष्ट्रीय स्तर पर स्वस्थ पंचायत का सर्टिफिकेट प्राप्त कर चुके हंै। स्वास्थ्य केंद्र के सेवाओं को सुदृढ़ करने में स्थानीय ग्राम पंचायत और जनपद पंचायत नगरी का काफी सहयोग रहा है। अगर स्थानीय स्तर पर ग्राम पंचायत और स्वास्थ्य विभाग इसी समन्वय से कार्य करेंगे तो विकासखण्ड नगरी में स्वास्थ्य सेवाओ में सुधार के साथ साथ जनमानस को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाये भी मिलेगी।
प्रिया कंवर जिला कार्यक्रम प्रबंधक धमतरी ने बताया कि इस गुणवत्ता सर्टिफिकेट को प्राप्त करने में राज्य और जिला कार्यालय के उच्च अधिकारियों और सलाहकार व अन्य तकनीकी स्टाफ का विशेष सहयोग रहा है, उन्हें धन्यवाद और बधाई। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस के मंडल ने प्राथमिक स्वस्थ्य केंद्र सांकरा की इस उपलब्धि पर समस्त स्टाफ को बधाई देते हुए कहा है कि वे गुणवत्ता मानकों को आगे भी बनाये रखेंगे और स्थानीय जनमानस को क्वालिटेटिव सेवाएं देते रहेंगे।


