धमतरी

आचार संहिता लगते ही प्रशासन अलर्ट, नेताओं के पोस्टर हटे
10-Oct-2023 2:57 PM
आचार संहिता लगते ही प्रशासन अलर्ट, नेताओं के पोस्टर हटे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 10 अक्टूबर।
विधानसभा चुनाव की तारीख घोषित होते ही प्रभावी हुईं आदर्श आचार संहिता का पालन करने प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गई है। नगर पंचायत ने सार्वजनिक स्थलों से देखते ही देखते तमाम छोटे-बड़े नेताओं के बैनर पोस्टर हटा दिया। शाम को पुलिस प्रशासन ने सायरन बजाते हुए वाहनों से गश्त लगा लोगों को यह संदेश दिया कि अब नेतागिरी नहीं चलेगी।

सोमवार को निर्वाचन आयोग की ओर से चुनाव कार्यक्रम की घोषणा होते ही प्रशासनिक अमला हरकत में आ गया। नगर पंचायत की टीम ने घुम घुम कर सार्वजनिक स्थानों से नेताओं के होर्डिंग्स, बैनर, पोस्टर आदि प्रचार सामग्रियों को हटवाना शुरू कर दिया। 

बताया गया कि अब तक 40 जगह से सत्ता पक्ष एवं विपक्ष द्वारा कराए गए वॉल रायटिंग पर कालिख पोती गई, शासकीय भवनों में लगे शिलालेख को कपड़े और रेग्जिन से ढक दिया गया, तीन दर्जन से अधिक पोस्टर, बैनर एवं अन्य प्रचार समाग्री को अपने कब्जे में ले लिया। निजी स्थल पर लगे चुनावी प्रचार-प्रसार के सामानों के लिए सहमति संबंधी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। 

सोमवार शाम को पुलिस अधिकारियों ने करीब आधा दर्जन वाहनों के साथ सायरन बजाते हुए नगर के प्रमुख मार्गों में गश्त लगाया। रिटर्निंग ऑफिसर एवं एसडीएम सोनाल डेविड के निर्देश पर पुरे विधानसभा क्षेत्र में सभी नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों में लगाए गए राजनीतिक पदाधिकारी, कार्यकर्ताओं की फोटोयुक्त होर्डिंग्स, पोस्टर्स, बैनर आदि को नगर पालिका, नगर पंचायत, ग्राम पंचायत एवं अन्य एजेंसियों के माध्यम से हटाया जा रहा है।


अन्य पोस्ट