‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 6 जुलाई। राजधानी सहित पूरे प्रदेश में पिछले दो दिनों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्तव्यस्त रहा। शहर और उसके आसपास के जिलों में खेती-किसानी पर असर पड़ा। इस बीच मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना जताई है। कई जिलों में बारिश से खेत और खलिहान पानी से लबालब भर गए हैं। मानसून की देरी के कारण जिन किसानों ने पहले ही खुर्रा बुवाई कर दी थी, उन्हें अब भारी नुकसान का सामना करना पड़ रहा है।
लगातार बारिश से कई खेतों में बोए गए बीज बह गए हैं, जबकि कई स्थानों पर जलभराव के कारण बीजों के सडऩे की आशंका बढ़ गई है। उन्हें दोबारा बुवाई करनी पड़ सकती है, जिससे लागत भी बढ़ेगी।
वहीं, जिन क्षेत्रों में पानी की पर्याप्त उपलब्धता हो गई है, वहां किसान धान की रोपा बुवाई की तैयारियों में जुट गए हैं। खेतों की जुताई और नर्सरी से पौध निकालने का काम शुरू हो गया है।
इधर, मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई है। अगले 24 घंटों में बालोद, बलौदाबाजार, बेमेतरा, धमतरी, दुर्ग, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, राजनांदगांव, सारंगढ़ बिलाईगढ़ में अलग-अलग स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना है।
इस बीच मौसम ने मुंगेली, बिलासपुर, जांजगीर-चांपा, बलौदाबाजार, बेमेतरा, रायपुर, दुर्ग और बालोद जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में भारी बारिश, जलभराव की स्थिती बन सकती है। वहीं सूरजपुर, अंबिकापुर, जशपुर, कांकेर, कोरिया, कोरबा, रायगढ़, बलरामपुर, पेंड्रा, कबीरधाम, राजनांदगांव, महासमुंद, गरियाबंद और धमतरी जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में भारी से बहुत भारी वर्षा के साथ 30-40 किमी की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकांश जिलों में लगातार बारिश के कारण कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। कुछ स्थानों पर नदी-नाले उफान पर हैं, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन भी प्रभावित होने की खबरें सामने आ रही हैं। मौसम विभाग ने अगले 24 से 48 घंटे तक प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई है।