रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 7 जुलाई। सीएम विष्णु देव साय आज पूर्वाह्न स्पीकर रमन सिंह , नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत से मुलाकात की। इस मुलाकात में विधानसभा के मानसून सत्र की बैठकों की कार्यवाही परचर्चा हुई। इससे पहले साय ने सोमवार शाम लोकभवन में राज्यपाल रमेन डेका से भी मुलाकात की थी। सीएम साय ने आज शाम नवा रायपुर के आवास में भाजपा विधायक दल की बैठक बुलाया है। इस दौरान सत्र की विभागीय तैयारियों पर मंत्री अपनी जानकारी रखेंगे। इसके बाद सीएम ने कल कैबिनेट की बैठक बुलाई है। सत्र में सरकार 3-4 विधेयक भी ला सकती है। इनमें ईज़ आफ डूइंग बिजनेस विधेयक प्रमुख है। हालांकि अब तक विधानसभा सचिवालय को सूचना नहीं दी गई है। इसी तरह से अनुपूरक बजट को लेकर भी वित्त विभाग से कोई सूचना नहीं दी गई है।
वहीं इस सत्र में सरकार को घेरने विपक्ष ने भी खासी तैयारी की है। एक हजार से अधिक प्रश्नों के साथ दो सौ से अधिक ध्यानाकर्षण सूचनाएं दी गई हैं। विपक्ष पांच दिनों के सत्र में कुछ मुद्दों पर स्थगन प्रस्ताव भी लाएगा। इनमें सबसे अहम नकटी विस्थापन है। चर्चा यह भी है कि विपक्ष साय सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव भी ला सकती है। इसकी सूचना वह रविवार तक दे सकता है। इस पर संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि सरकार तैयार है।? कांग्रेस के पास विषय मुद्दे नहीं हैं, वह नेस्तनाबूद हो गई है और वह प्रस्ताव के जरिए ऊल-जुलूल बयिनबाजी करेगी।
इस मुलाकात को फेसबुक पर शेयर करते हुए स्पीकर रमन सिंह ने बताया मुख्यमंत्री श्री साय एवं नेता प्रतिपक्ष डा चरण दास महंत के साथ सौजन्य बैठक हुई। इस बैठक में मानसून सत्र के सुचारु एवं प्रभावी संचालन सहित विभिन्न संसदीय विषयों पर चर्चा हुई। साथ ही वर्ष 2026 के उत्कृष्ट विधायक सम्मान हेतु संभावित नामों पर भी विचार-विमर्श किया गया।