रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 7 जुलाई। ऑपरेशन साइबर शील्ड के तहत फर्जी सिम कार्ड बेचने वाले दो पीओएस एजेंट छतरपुर मध्यप्रदेश और खैरागढ़ से गिरफ्तार किए गए हैं। इनके बेचे गए सिम यूट्यूब पर वीडियो वायरल रोकने एवं कौन बनेगा करोड़पति में इनाम जीतने के झांसे से साइबर फ्रॉड करने के अपराध में प्रयोग हुए हैं।
पहले मामले में तेजराम पाठक से फेसबुक में दोस्ती करने के बाद व्हाट्सएप वीडियो कॉल कर वीडियो मार्फिंग कर अश्लिल वीडियो बनाकर यूट्यूब में वायरल करने की धमकी देकर 7.90 लाख रुपए की धोखाधड़ी की गई थी। इसकी रिपोर्ट पर थाना इंदागांव गरियाबंद में दर्ज कराई थी। दूसरे मामले में प्रमोद कुमार त्रिपाठी ने कौन बनेगा करोड़पति में इनाम का विजेता बात कर इनाम की रकम प्राप्त करने टैक्स की राशि जमा करने के बहाने धोखाधड़ी करने की रिपोर्ट रेंज साइबर थाना रायपुर में दर्ज कराई थी। दोनों अपराध की विवेचना रेंज साइबर थाना रायपुर द्वारा की जा रही है।
विवेचना क्रम में अपराध में संलिप्त मोबाइल सिम/सोशल मीडिया आईडी की जानकारी संबंधित सेवा प्रदाता कंपनी से प्राप्त की गई। प्राप्त जानकारी के तकनीकी विश्लेषण, पीडि़तों एवं साक्षियों के कथन, आरोपियों से पूछताछ में प्राप्त तथ्यों के आधार पर फर्जी सिम कार्ड बेचने वाले 2 मोबाइल दुकान संचालकों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है।
गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि नया सिम लेने/सिम पोर्ट कराने वाले कस्टमर का डबल थंब स्कैन/आई ब्लिंक कर ई केवाईसी के माध्यम से अतिरिक्त सिम चालू करते थे तथा जिस कस्टमर के पास आधार कार्ड की फिजिकल कॉपी होती थी उसका विवरण स्वयं ही वेरीफाई कर डी केवाईसी के माध्यम से अतिरिक्त सिम चालू करते थे। इन फर्जी सिम को अधिक मूल्य पर अन्य साइबर अपराधियों को बेचते थे।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण-1 उमेश प्रजापति पिता अयोध्या प्रसाद उम्र 23 वर्ष पता ग्राम मनकारी छतरपुर मध्य प्रदेश (प्रजापति टेलीकॉम, छतरपुर मध्यप्रदेश), 2 मनोज देवांगन 29 पता प्रकाशपुर चिचोला खैरागढ़ छत्तीसगढ़ (मनोज मोबाइल मुढ़ीपार, खैरागढ़)।
3 वर्ष की सश्रम कैद
रायपुर, 7 जुलाई। धरसींवा थाना में दर्ज गांजा तस्करी मामले में एनडीपीएस विशेष अदालत ने आरोपी अमित कुमार गुप्ता को दोषी ठहराते हुए 3 वर्ष के सश्रम कारावास और 30 हजार रुपए के अर्थदंड की सजा सुनाई है।
5 अक्टूबर 2021 को धरसींवा पुलिस ने साहू ढाबा के पास अमित कुमार गुप्ता को पकड़ा था। उसके कब्जे से 60 पुडिय़ों में 2.320 किलो गांजा बरामद किया गया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(2)(ब) के तहत अपराध दर्ज कर चालान न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। विचारण के दौरान अभियोजन ने कुल 8 साक्षियों के बयान दर्ज कराए। न्यायालय ने आरोपी अमित कुमार गुप्ता को दोषी करार देते हुए 3 वर्ष के सश्रम कारावास और 30 हजार रुपए के अर्थदंड से दंडित किया।