रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 7 जुलाई। छत्तीसगढ़ मंत्रालयीन अधिकारी कर्मचारी संघ ने राज्य सचिवालय के साप्रवि के कक्ष-8 का प्रभार प्रमुख सचिव स्तर के अधिकारी को सौंपने की मांग की है।
साथ ही इनके मातहत मंत्रालय सेवा के उप सचिव / संयुक्त सचिव की पदस्थापना करने कहा है। संघ के अध्यक्ष चंद्रकांत पांडेय ने मुख्य सचिव को पत्र भेजकर कहा कि साप्रवि में मंत्रालय की प्रशासनिक व्यवस्था, स्थापना के विषय, सेवा नियम, सचिवालयीन प्रक्रिया, स्थानांतरण नीति तथा विभिन्न विभाग के मध्य समन्वय जैसे अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य संपादित किए जाते हैं। अतएव ऐसे महत्वपूर्ण विभाग में सचिवालयीन कार्यप्रणाली के अनुभवी एवं वरिष्ठ अधिकारियों की पदस्थापना प्रशासनिक दृष्टिकोण से अत्यंत आवश्यक है।
मंत्रालय संवर्ग के अधिकारी सचिवालय कार्य प्रणाली, नियमों, प्रक्रियाओं एवं शासन के निर्णय प्रक्रिया का दीर्घकालीन व्यावहारिक अनुभव रखते हैं।मंत्रालय सेवाओं के अधिकारियों की पर्याप्त उपलब्धता होने के बावजूद अन्य सेवा के अधिकारियों की पदस्थापना से सचिवालयीन कार्यप्रणाली एवं प्रशासनिक दक्षता में कमी हुई है। कतिपय महत्वपूर्ण मामलों में नीतिगत निर्णय को संशोधन भी किया गया है, जिससे शासन की कार्यप्रणाली पर विपरीत प्रभाव पड़ा है।
अतएव सामान्य प्रशासन विभाग कक्ष-8 में मंत्रालय संवर्ग के उप सचिव / संयुक्त सचिव की पदस्थापना किया जाना अति आवश्यक है।
राज्य शासन की सर्वोच्च प्रशासनिक ईकाई होने के कारण साप्रवि का प्रभार प्रमुख सचिव स्तर के अधिकारी के पास होना प्रशासनिक परंपरा एवं सुशासन की दृष्टि से अधिक उपयुक्त है। वरिष्ठ स्तर के नेतृत्व से शासन की प्रशासनिक व्यवस्था अधिक सुदृढ़, उत्तरदायी और प्रभावी होता है। प्रमुख सचिव स्तर के अधिकारी, प्रभावशीलता प्राप्त होता है। जिससे विभागों मध्य बेहतर समन्वय एवं समयबद्ध निर्णय सुनिश्चत होते हैं।
अत: संघ का अनुरोध है कि साप्रवि कक्ष: 4 में तत्काल मंत्रालय सेवा के उप सचिव/संयुक्त सचिव की पदस्थापना की जाए एवं भारसधक सचिव के रूप में प्रमुख सचिव स्तर के अधिकारी को प्रभार दिया जाए। इस पर संघ की आमसभा में सर्वसम्मति से लिए गए निर्णय अनुसार आप से आदेश की आग्रह है मांगों को पूरा नहीं किए जाने से कर्मचारियों में रोष व्याप्त होगा। फलस्वरूप संघ चरणबद्ध विरोध करने एवं आंदोलन प्रारंभ करने के लिए बाध्य होगा।