रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 6 जुलाई। सरस्वती इलाके में बैटरी कारोबारी से साइबर ठगी हो गई। अज्ञात साइबर ठग ने कारोबारी के बिना जानकारी के उसके बैंक खाते से ऑनलाइन माध्यम से 3,16,531.72 रुपए निकाल लिए। पुलिस ने मामले में धारा 318(4) तथा आईटी एक्ट की धारा 66डी के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोटा स्थित जगन्नाथ चौक निवासी जुनैद खान ने बताया कि वह बैटरी खरीदी-बिक्री का व्यवसाय करते हैं। उनका आईसीआईसीआई बैंक की कोटा शाखा में बचत खाता है। 25 जून 2026 को दोपहर 12 बजे उनके मोबाइल पर खाते से राशि निकलने का मैसेज आया था। जिसके बाद बैंक से जानकारी लेने पर पता चला कि 25 जून की रात 1 बजे से 3.11 बजे के बीच अज्ञात व्यक्ति ने उनके खाते से यूपीआई के माध्यम से किस्तों में कुल 3,16,531.72 रुपए निकाल लिए। पीडि़त ने बताया कि उन्होंने अपने इस बैंक खाते से किसी भी प्रकार का यूपीआई उपयोग नहीं किया है और न ही किसी को लेन-देन की अनुमति दी थी। जिसके बावजूद उसके खाता से रकम निकाले गए हैं। बैंक ट्रांजेक्शन डिटेल के माध्यम से अज्ञात आरोपी की तलाश की जा रही है।
सूने मकान से 40 हजार पार
रायपुर, 6 जुलाई। धरसीवां के ग्राम तरपोंगी में सूने मकान का ताला तोडक़र नकदी, सोने का लॉकेट और मोबाइल चोरी करने का मामला सामने आया है। घटना के समय मकान मालिक अपनी पत्नी के साथ रिश्तेदार के गृह प्रवेश कार्यक्रम में गए हुए थे।ग्राम तरपोंगी बाजार चौक निवासी सुकलाल निषाद, जो एसईसीएल कोरबा से सेवानिवृत्त हैं, ने शिकायत दर्ज कराई कि 3 जुलाई 2026 को दोपहर 12 बजे वह अपनी पत्नी बैशाखिन बाई निषाद के साथ उरला स्थित रिश्तेदार के घर गृह प्रवेश कार्यक्रम में गए थे। देर हो जाने के कारण दोनों रात वहीं रूक गए। दूसरे दिन 4 जुलाई की शाम जब वे घर लौटे तो उन्होंने देखा कि मेन गेट और कमरे के ताले टूटे हुए थे। कमरे में रखी अलमारी खुली थी और सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी में रखे 20 हजार रुपए नकद, 2 ग्राम का सोने का पुराना लॉकेट कीमत 20 हजार रुपए और मोबाइल फोन नहीं था। आसपास पूछताछ करने पर भी इस बारे में कोई जानकारी नहीं हुई। अज्ञात चोर सूना मकान देख उसे चोरी कर ले गया। शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर चोरी गए सामान और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।