रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 8 जुलाई। प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में कमी आने के संकेत है। पिछले दिनों प्रदेशभर में तेज बारिश के बाद इसकी रफ्तार कम हो गई है। मानसून अग उत्तरभारत के राज्यों की ओर बढ़ रही है इससे प्रदेश में बारिश अब कम हो सकती है। वहीं मौसम विभाग बुधवार को प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा , गरज-चमक बारिश होने की संभावना जताई है। वहीं एक-दो स्थानों पर आकाशीय बिजली (वज्रपात) गिरने की भी आशंका जताई गई है। इसके साथ ही अधिकतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने की संभावना है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, पूर्वी मध्य प्रदेश और उससे लगे क्षेत्रों पर बना निम्न दाब क्षेत्र अभी सक्रिय है। इसके साथ ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से लगभग 9.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है।
यह सिस्टम धीरे-धीरे पश्चिम-उत्तर पश्चिम दिशा में बढ़ते हुए मध्य प्रदेश और दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश की ओर अग्रसर होगा तथा आगे चलकर कमजोर पडऩे की संभावना है।
इसके अलावा, मानसूनी द्रोणिका दक्षिण-पश्चिम राजस्थान से लेकर बांग्लादेश तक उत्तर छत्तीसगढ़ होते हुए मध्य समुद्र तल पर स्थित है। वहीं एक अन्य द्रोणिका उत्तर-पूर्व अरब सागर से बांग्लादेश तक उत्तर छत्तीसगढ़ के ऊपर से गुजर रही है, जो 0.9 से 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक विस्तारित है। इन मौसम प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश में बादल छाए रहने और कुछ जगहों पर वर्षा की गतिविधियां बनी रहेंगी।