‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 17 जुलाई। प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में अगले 24 से 48 घंटों के दौरान भारी से अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इस बीच राजधानी में भी गुरूवार रात से लगातार बारिश हो रही है। बिलासपुर और मुंगेली जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। रायपुर समेत कई जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट पर रहेंगे।
अगले 24 घंटों के दौरान बिलासपुर और मुंगेली में एक-दो स्थानों पर अत्यधिक भारी वर्षा होने की संभावना है। वहीं रायपुर, बलौदाबाजार, महासमुंद, दुर्ग, बेमेतरा, सक्ती, कोरबा, जांजगीर-चांपा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कबीरधाम और खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
इसके अलावा सरगुजा, जशपुर, बलरामपुर, रायगढ़, सारंगढ़-बिलाईगढ़, गरियाबंद, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, बस्तर, कोंडागांव और कांकेर जिलों में एक-दो स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
अगले 48 घंटों के लिए भी मौसम विभाग ने बिलासपुर, सक्ती, मुंगेली, कोरबा, जांजगीर-चांपा, रायपुर, बलौदाबाजार, दुर्ग और बेमेतरा जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना व्यक्त की है। वहीं सरगुजा, सूरजपुर, बलरामपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, रायगढ़, सारंगढ़-बिलाईगढ़, गरियाबंद, धमतरी, महासमुंद, बालोद और कबीरधाम जिलों में भारी बारिश हो सकती है।