रायपुर

ईज ऑफ डूइंग विधेयक को मंजूरी, परिषद का होगा गठन
16-Jul-2026 9:08 PM
ईज ऑफ डूइंग विधेयक को मंजूरी, परिषद का होगा गठन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 16 जुलाई। विधानसभा में गुरुवार को छत्तीसगढ़ ईज आफ डूइंग बिजनेस विधेयक को मंजूरी दी गई। इसमें परिषद के गठन का प्रावधान है, जिसके अध्यक्ष सीएम होंगे। विधेयक पर चर्चा के दौरान यह स्पष्ट किया गया कि कि राज्य में उद्योग, व्यापार और निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए कार्यव्यवसाय सरलीकरण परिषद का गठन किया जाएगा।

परिषद का उद्देश्य विभिन्न विभागों में अनुपालन (कम्प्लायंस) का बोझ कम करना तथा ईज ऑफ डूइंग बिजनेस से जुड़े सभी मामलों में सर्वोच्च नीतिगत निकाय के रूप में कार्य करना होगा।

विधेयक के अनुसार परिषद के अध्यक्ष मुख्यमंत्री होंगे। इसके सदस्य के रूप में वित्त मंत्री, विधि एवं विधायी कार्य मंत्री, वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री तथा संबंधित विषय के प्रभारी मंत्री शामिल होंगे। मुख्य सचिव परिषद के संयोजक होंगे।

परिषद को यह अधिकार भी होगा कि किसी विषय पर विचार के लिए संबंधित मंत्री, अधिकारी, विशेषज्ञ, विभाग, बोर्ड, निगम, प्राधिकरण अथवा शासन द्वारा स्थापित सोसायटी के प्रतिनिधियों को विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में बैठक में बुला सके। इसके अलावा परिषद आवश्यकता अनुसार एक या अधिक समितियों का गठन कर उन्हें अपने अधिकार और कार्य भी प्रत्यायोजित कर सकेगी।

इससे पहले उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन सदन में बताया  कि विधेयक का उद्देश्य राज्य में उद्योगों और निवेशकों के लिए प्रक्रियाओं को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाना, विभिन्न विभागों की स्वीकृति प्रक्रिया को एकीकृत करना तथा निवेश अनुकूल वातावरण तैयार करना है।  उद्योग मंत्री ने कहा कि इस व्यवस्था से निवेश को बढ़ावा मिलेगा।

 रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और राज्य में व्यापार करना पहले की तुलना में अधिक आसान होगा।


अन्य पोस्ट