रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 19 जुलाई। छत्तीसगढ़ मार्केटिंग कंपनी (आबकारी निगम) में ओवरटाइम घोटाले में पूर्व एमडी और शराब घोटाले के प्रमुख आरोपी एपी त्रिपाठी को एसीबी ईओडब्ल्यू ने गिरफ्तार कर 20 जुलाई तक रिमांड पर लिया है।
राज्य आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो एवं एन्टी करप्शन ब्यूरो के अनुसार प्रवर्तन निदेशालय क्षेत्रीय कार्यालय रायपुर के अधिकारियों द्वारा 29 नवंबर 23 को तीन व्यक्तियों से नगद 28.80 लाख रूपये जप्त कर आवश्यक कार्यवाही हेतु छ0ग0 शासन को सूचना प्रेषित की गई थी। जिसके आधार पर ब्यूरो में प्रथम सूचना पत्र दर्ज किया गया था। विवेचना में पाया गया कि वर्ष 2019-20 से 2023-24 के मध्य कर्मचारियों के ओवर टाईम, चार अतिरिक्त दिवस, बोनस एवं सर्विस चार्ज के नाम पर मैन पावर एजेंसियों को 172 करोड़ रूपये से अधिक राशि का अवैध भुगतान कर उसका बड़ा हिस्सा नगद कमीशन के रूप में सिंडिकेट द्वारा अर्जित की गई है। प्रकरण में पूर्व में 12 आरोपियों के विरूद्ध अभियोग पत्र माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा चुका है।
गिरफ्तार आरोपी अरूणपति त्रिपाठी को आज दिनांक 18.07.2026 को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर दिनांक 20.07.2026 तक पुलिस रिमाण्ड प्राप्त की गई है। पूछताछ के दौरान और भी महत्वपूर्ण साक्ष्य प्राप्त होने की संभावना है प्रकरण में अग्रिम विवेचना जारी है।