रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 18 जुलाई। रायपुर के विशेष एनडीपीएस न्यायालय ने 8 किलो गांजा की तस्करी करते पकड़े गए दो आरोपियों को दोषी ठहराते हुए 5-5 वर्ष के कठोर कारावास और 50-50 हजार रुपए के अर्थदंड की सजा सुनाई है। अर्थदंड जमा नहीं करने पर दोनों को तीन-तीन माह का अतिरिक्त कठोर कारावास भुगतना होगा।
विशेष न्यायाधीश शैलेश शर्मा की अदालत ने यह फैसला 16 जुलाई को सुनाया। मामले में अभनपुर थाना दर्ज प्रकरण में किशोर कुमार साहू 37 और राजकुमार ध्रुव 28 को एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(2)(ब) के तहत दोषी पाया गया।
सरकारी वकील केके चंद्राकर ने बताया कि 29 जून 2021 को दोनों आरोपी मारुति ईको वैन में 8 किलो गांजा रखकर उसे बेचने के लिए ला रहे थे। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई कर गांजा जब्त किया। जांच के बाद न्यायालय में चालान पेश किया।
सुनवाई के दौरान न्यायालय ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद आभियोजन के गवाहों और साक्ष्यों को सही मानते हुए दोनों आरोपियों को 5-5 वर्ष के कठोर कारावास और 50-50 हजार रुपए के जुर्माने से दंडित किया।
साथ ही, दोनों के जमानत मुचलके निरस्त कर उन्हें सजा भुगतने के लिए केंद्रीय जेल, रायपुर भेजने के आदेश दिए।