रायपुर

भारतीय आदिम जाति सेवक संघ के छत्तीसगढ़ संगठन सचिव बने सुरेंद्र साहू, रायपुर में ली शपथ
18-Jul-2026 8:48 PM
भारतीय आदिम जाति सेवक संघ के छत्तीसगढ़ संगठन सचिव बने सुरेंद्र साहू, रायपुर में ली शपथ

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर,18 जुलाई। भारतीय आदिम जाति सेवक संघ, नई दिल्ली की राष्ट्रीय कार्यकारी समिति द्वारा छत्तीसगढ़ राज्य बोर्ड का गठन किया गया है। इस अवसर पर 12 जुलाई को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की उपस्थिति में मुख्यमंत्री निवास, रायपुर में नवनियुक्त पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। समारोह में छत्तीसगढ़ शबरी सेवा संस्थान के प्रदेश सचिव सुरेंद्र साहू को भारतीय आदिम जाति सेवक संघ का प्रदेश संगठन सचिव नियुक्त किया गया।

समारोह में  कौशल्या विष्णुदेव साय ने राज्य बोर्ड के उपाध्यक्ष तथा कुंवर जितेंद्र नरसिंह राणा ने प्रदेश अध्यक्ष पद की शपथ ली। संगठन सचिव का दायित्व मिलने पर सुरेंद्र साहू ने कहा कि वे संगठन द्वारा सौंपे गए दायित्व का पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे तथा जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास, सामाजिक समरसता और जनहित के कार्यों को आगे बढ़ाने का प्रयास करेंगे।

कार्यक्रम में भारतीय आदिम जाति सेवक संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रकाश कुमार उईके, राष्ट्रीय महामंत्री अजय कुमार चौबे सहित देश के 27 राज्यों से आए कार्यकारी समिति के सदस्य उपस्थित रहे। इसके अलावा राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू, दिव्यांग आयोग के अध्यक्ष लोकेश कावडिय़ा, अंत्योदय आयोग के अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार बेसरा सहित कई विशिष्ट अतिथि मौजूद रहे।

इसके बाद 14 जुलाई को ठाकुर प्यारेलाल राज्य पंचायत एवं ग्रामीण विकास संस्थान, निमोरा (रायपुर) में राज्य बोर्ड की पहली कार्यकारिणी बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन के विस्तार, जनजातीय विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, स्वरोजगार और सामाजिक उत्थान से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। पदाधिकारियों ने संगठन के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया।

बैठक को संबोधित करते हुए कौशल्या विष्णुदेव साय ने संगठन को हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। वहीं राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रकाश कुमार उईके ने पेसा कानून, ग्राम स्वावलंबन, युवा सशक्तिकरण और जनजातीय समाज के समग्र विकास को संगठन की प्राथमिकता बताते हुए सेवा और समर्पण की भावना से कार्य करने का आह्वान किया।

उल्लेखनीय है कि भारतीय आदिम जाति सेवक संघ की स्थापना वर्ष 1949 में ठक्कर बापा ने की थी। देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद इसके प्रथम अध्यक्ष थे। संगठन देशभर में जनजातीय समाज के लिए छात्रावास, विद्यालय और विभिन्न सामाजिक सेवा गतिविधियों का संचालन कर रहा है। सुरेंद्र साहू वर्ष 1998 से संगठन से जुड़े हैं और बाल अधिकार, महिला सशक्तिकरण, नि:शुल्क विधिक सहायता, स्वास्थ्य शिविर तथा नशा मुक्ति अभियान सहित विभिन्न सामाजिक क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।


अन्य पोस्ट