रायपुर
आदेश जारी, कर्मचारी नेताओं ने किया स्वागत
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 18 जुलाई। वृद्ध पेंशनरों को देय डीआर भुगतान में 26 वर्ष से चली आ रही सबसे बड़ी अनिवार्य बाधा को दूर कर लिया गया है। मप्र राज्य पुनर्गठन एक्ट की अनिवार्यता को दरकिनार करते हुए छत्तीसगढ़ और मप्र ने डीआर भुगतान में एक दूसरे की सहमति लेने की अनिवार्यता को खत्म कर दिया है।
शुक्रवार को छत्तीसगढ़ के वित्त सचिव रोहित यादव और मप्र के एसीएस मनीष रस्तोगी ने एक संयुक्त हस्ताक्षरित आदेश जारी कर दिया है। इसके मुताबिक कोई भी राज्य केंद्र के डीआर से अधिक घोषित और भुगतान नहीं करेगा। दोनों राज्य वित्तीय भार से अवगत कराएंगे। इस आदेश को भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ, छत्तीसगढ़ प्रदेश के प्रांताध्यक्ष वीरेन्द्र नामदेव ने कहा कि यह निर्णय पेंशनरों के हित में एक महत्वपूर्ण एवं सकारात्मक कदम है। उन्होंने कहा कि भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ द्वारा निरंतर ज्ञापन, पत्राचार तथा वित्त सचिव एवं मुख्य सचिव, छत्तीसगढ़ शासन के साथ की गई चर्चाओं के माध्यम से इस विषय को लगातार उठाया जाता रहा है। यह निर्णय उसी सतत प्रयास का सुखद परिणाम है।
श्री नामदेव ने छत्तीसगढ़ शासन से मांग की है कि अब जब महंगाई राहत स्वीकृत करने में पारस्परिक सहमति की बाध्यता समाप्त हो गई है, तब राज्य शासन बिना किसी विलंब के केंद्र सरकार के समान 1 जनवरी 2026 से देय 2 प्रतिशत महंगाई राहत (डीआर) का आदेश जारी करे तथा इसका भुगतान एरियर सहित राज्य के सभी पेंशनरों एवं परिवार पेंशनरों को प्रदान किया जाए। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई के बीच पेंशनरों को समय पर महंगाई राहत मिलना उनका वैधानिक अधिकार है। शासन द्वारा शीघ्र निर्णय लिए जाने से लाखों पेंशनरों एवं परिवार पेंशनरों को आर्थिक राहत प्राप्त होगी। इसी तरह से छत्तीसगढ़ अधिकारी कर्मचारी फेडरेशन के संयोजक कमल वर्मा ने भी स्वागत करते हुए कहा फेडरेशन लगातार इसे लेकर शासन पर दबाव बनाता रहा है। बीते 11 मई को भी फेडरेशन ने मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव को पत्र लिखकर इस पर निर्णय लेने की मांग की थी। इस निर्णय पर सभी पेंशनर सरकार के ऋणी रहेंगे।
ऐसे सभी भुगतान पर सीएजी की रोक
रायपुर, 18 जुलाई। छत्तीसगढ़ महालेखाकार (सीएजी)ने ऐसे समस्त प्रकार के देयकों के संबंध में आपत्ति की गयी है, जिनमें कार्यालय द्वारा देयकों की भुगतान स्वीकृति आदेश तथा क्रय संबंधी देयकों में क्रय स्वीकृति आदेश दोनों संलग्न नहीं है। वरिष्ठ कोषालय अधिकारी ने बताया कि
आपत्ति की पुनरावृत्ति रोकने कोषालय में जमा करने वाले समस्त देयकों में भुगतान स्वीकृति आदेश अनिवार्यत: संलग्न करने कहा गया है। उक्त आदेश संलग्न नहीं होने पर देयक भुगतान हेतु कोषालय में स्वीकार किया जाना संभव नहीं होगा।