निगम अफसरों को जिम्मेदारी
‘छत्तीसगढ़ संवाददाता’
रायपुर, 20 अक्टूबर। दशहरा उत्सव और दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के मद्देनजर नगर निगम ने व्यवस्थाओं को लेकर निर्देश जारी किए हैं। खारून नदी में दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन पर प्रतिबंध का कड़ाई से पालन कराया जाएगा। एनजीटी के निर्देशों के अनुरूप विसर्जन कुंडों में व्यवस्था बनाने तथा नदी को प्रदूषण से बचाने के निर्देश दिए गए हैं।
नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा ने दशहरा उत्सव के तहत रावणभाठा, डब्ल्यूआरएस कॉलोनी, चौबे कॉलोनी, राजेंद्र नगर, शंकर नगर और रामकुंड स्थित आयोजन स्थलों पर सफाई, पेयजल, स्ट्रीट लाइट, अग्निशमन वाहन, मार्गों की सफाई और स्थल समतलीकरण सहित जरूरी व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संबंधित जोन कमिश्नरों को सौंपी है। जोन कमिश्नर अपने-अपने क्षेत्रों में नोडल अधिकारी के रूप में कार्य करेंगे।
निर्देशों के अनुसार खारून नदी के समीप विसर्जन कुंड में प्रतिमा विसर्जन से पहले पूजन सामग्री अलग कर निर्धारित स्थल पर रखी जाएगी। विसर्जन के बाद कुंड से मलबा, बांस-बल्लियां और अन्य सामग्री 24 घंटे के भीतर हटानी होगी, ताकि जल प्रदूषित न हो। ध्वनि और वायु प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए जिला प्रशासन और रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के साथ समन्वय कर कार्रवाई करने को भी कहा गया है।
विसर्जन कुंड और दशहरा आयोजनों की समग्र व्यवस्था के लिए निगम ने अधिकारियों की समिति गठित की है। समिति में अपर आयुक्त विनोद पाण्डेय, उपायुक्त स्वास्थ्य जसदेव सिंह बाबरा, जोन कमिश्नर संतोष पाण्डेय, राकेश शर्मा और प्रीति सिंह सहित अभियंत्रण एवं विद्युत विभाग के अधिकारी शामिल हैं। समिति को शामियाना, प्रकाश, ध्वनि विस्तारक यंत्र, अग्निशमन और चिकित्सा सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई है।
दशहरा उत्सव
कल 20 अक्टूबर को दशहरा उत्सव (रावण पुतला दहन) नगर के विभिन्न स्थलों पर होगा। प्रमुख रूप से रावणभाठा डब्ल्यू. आर. एस. कॉलोनी में दशहरा उत्सव आयोजित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त चौबे कॉलोनी, राजेन्द्र नगर, शंकर नगर एवं रामकुंड (आश्रम के पास) में भी दहन कार्यक्रम आयोजित होगा। कार्यक्रम स्थल पर सम्बंधित जोन कमिश्नरों एवं जोन अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा स्थल पर सफाई, पेयजल, स्ट्रीट लाईट, अग्निशमन वाहन, जिला कमांडेट होमगार्ड व्यवस्था, स्थल का समतलीकरण कार्य, मार्गो की सफाई व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था आदि समस्त आवश्यक प्रशासनिक प्रबंध आवश्यक समन्वय करते हुए प्राथमिकता से करवाए जाएंगे।