रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 21 अक्टूबर। कुशालपुर सर्विस रोड के पास एक टाटा एस चालक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना के दौरान चालक के साथ लात-घूंसों से मारपीट किए जाने और चलती गाड़ी का दरवाजा खोलकर उस पर लातें बरसाने का आरोप है। एक राहगीर ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया। इसमें युवक टाटा एस चालक को पीटते दिखाई दे रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, एक कार सवार व्यक्ति का टाटा एस चालक के साथ विवाद हुआ, जिसके बाद उसके साथ मारपीट की गई। वीडियो के आधार पर चालक को पहले लात-घूंसों से पीटा गया और फिर चलती गाड़ी का दरवाजा खोलकर हमला किया गया। हालांकि, घटना के संबंध में पुलिस की आधिकारिक पुष्टि और मामले की विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।
बताया जा रहा है कि घटना के दौरान आसपास कई लोग मौजूद थे, लेकिन चालक की मदद के लिए किसी के आगे आने की बात सामने नहीं आई।
फिलहाल, घटना में शामिल व्यक्ति की पहचान, पुलिस में शिकायत और कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट होना बाकी है।