रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 21 अक्टूबर। यादव समाज की महिलाओं के खिलाफ पोस्टर लगाने वाले शीतला मंदिर के पुजारी नीरज सैनी पर पुरानी बस्ती थाना में एफआई आर दर्ज किया है। यादव समाज की लिखित रिपोर्ट पर यह मामला धारा 196-2 के तहत दर्ज किया है। छत्तीसगढ़ यादव समाज के अध्यक्ष सुधीर यादव ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि शीतला मंदिर परिसर में एक पोस्टर लगाया गया था जिसमें रौताईन ठगों से सावधान रहने, और उनसे जलाभिषेक मना करते हुए रूपए नहीं देने जैसे शब्दों का सार्वजनिक इस्तेमाल किया गया था। इसे देखने और पढऩे से समस्त समाज की भावनाओं को ठेस पहुंची है तथा रोष व्याप्त है। इससे पहले समाज के प्रतिनिधियों ने थाना प्रभारी को ज्ञापन भी सौंपा था। रविवार को यह पोस्टर समाने आने पर उठे विवाद के बाद मंदिर समिति ने विवादित शब्दों को मिटा दिया था। उसके बाद पोस्टर ही हटा लिया गया।