रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 21 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ में शासकीय अधिकारियों और कर्मचारियों को आईगाट कर्मयोगी ऑनलाइन प्रशिक्षण अनिवार्य कर दिया गया है। मार्च तक उन्हें पांच कोर्स पूरे करने होंगे। ऐसा न करने वालों की सीआर में लाल स्याही के छींटें पड़ सकते हैं। राज्य सरकार ने सभी शासकीय अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए 31 अक्टूबर तक आईगॉट कर्मयोगी पोर्टल पर दो अनिवार्य प्रशिक्षण पाठ्यक्रम पूरे करने होंगे। इस निर्देश के दायरे में राजपत्रित और अराजपत्रित, दोनों श्रेणियों के अधिकारी-कर्मचारी आएंगे।
इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग ने प्रदेश के सभी विभागों, विभागाध्यक्षों, संभागायुक्तों और कलेक्टरों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। संबंधित अधिकारियों को अपने अधीनस्थ कर्मचारियों के प्रशिक्षण की प्रक्रिया पूरी कराने के लिए कहा गया है।
अक्टूबर महीने के लिए निर्धारित दोनों प्रशिक्षण पाठ्यक्रम कर्मचारियों के मानसिक स्वास्थ्य, तनाव प्रबंधन और कार्यक्षमता से जुड़े हैं। इनमें पहला कोर्स ‘कार्यस्थल पर तनाव प्रबंधन’ और दूसरा ‘स्ट्रेस मैनेजमेंट थ्रू मेडिटेशन एंड योग निद्रा’ है। अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर इन दोनों पाठ्यक्रमों को पूरा करना होगा।ये प्रशिक्षण केंद्र सरकार की मिशन कर्मयोगी पहल के तहत संचालित किए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य सरकारी सेवाओं में कार्यरत कर्मचारियों की क्षमता बढ़ाना, उनके कामकाज में दक्षता लाना और प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाना है। इससे पहले विभाग में एसीएस से अवर सचिव स्तर के अधिकारियों के लिए भी 10 कोर्स का पाठ्यक्रम तय किया गया है। इनमें से इन्हें पांच पाठ्यक्रम पूरे करने हैं। हर माह एक पाठ्यक्रम पूरा करने अनिवार्य होगा।