‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 21 फरवरी। प्रधानमंत्री आवास मुद्दे को लेकर सोमवार दोपहर 2 बजे लोहिया चौक में सैकड़ों की तादात में पहुंचे भाजपा के पदाधिकारियों और समर्थकों का काफिला अपरान्ह साढ़े 3 बजे विधायक निवास घेरने पहुंचा। यहां भाजपाईयों ने राज्य सरकार औक विधायक के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। अपने निवास के ठीक सामने एकत्र भाजपाईयों के काफिले से मिलने संसदीय सचिव व विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर अपने समर्थकों के साथ पहुंचे, शरबत पिलाई और केंद्र में काबिज मोदी सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की।
कांग्रेेसजनों ने कहा कि आवास योजना के मामले में विधायक निवास का घेराव करने के बजाय भाजपा नेताओं को दिल्ली जाकर केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करना चाहिए। जिन गरीबों को इस योजना का लाभ मिलना है, वे दोनों दलों की दलीलें सुन रहे थे, क्योंकि वे तो पब्लिक हैं सब जानते हैं।
मोर आवास मोर अधिकार को लेकर कल महासमुंद विधानसभा के चारों मण्डलों के प्रधानमंत्री आवास के वंचित हितग्राहियों के साथ भाजपाई लोहिया चौक पर एकत्रित हुए। सैकड़ों की संख्या में उपस्थित आवासहीन परिवारों को प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने संबोधित किया और कहा कि राज्य सरकार ने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत गरीब, मजदूर, बेसहारा लोगों को आवास आबंटन की दिशा में कोई काम नहीं किया। उनके ग्रामीण विकास मंत्री टीएस सिंहदेव ने क्षुब्ध होकर लोगों की मांग को पूरा नहीं कर पाने के कारण इस विभाग से अपना इस्तीफा दे दिया।
उन्होंने कहा कि जो मुख्यमंत्री गरीबों को आवास आबंटित नहीं कर सकते, ऐसे मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ में अपना आर्थिक माडल का ढोल पीटते रहते हंै। हमें ऐसा मॉडल नहीं चाहिए जहां गरीबों का भला नहीं होता हो। भारतीय जनता पार्टी विपक्षी पार्टी है, और वह गरीबों किसानों और मजदूरों के हक में एक विपक्षी दल के रूप में अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रही है। भारतीय जनता पार्टी इन्हीं सब मुद्दों को लेकर पंचायत, विधानसभा, जिला स्तर से लेकर प्रदेश स्तर पर अभियान चला रही है। जिलाध्यक्ष रूपकुमारी चौधारी ने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने क्षेत्र में ग्राम पंचायत से लेकर विधानसभा स्तर पर आवासहीनों से सम्पर्क किया। जिसमें महासमुंद के लगभग आठ हजार आवास से वंचित हितग्राहियों का आकड़ा मिला। इसी प्रकार पूरे छत्तीसगढ़ में 12 लाख परिवार आवास से वंचित हैं। छत्तीसगढ़ में जब से कांग्रेस की सरकार आयी है, तब से गरीबों के आवास को बनने नहीं दिया जा रहा है। लबरा भूपेश सरकार गांव-गांव अवैध शराब बिकवा रही है।
संबोधन पश्चात हितग्राही एवं भाजपा के कार्यकर्ता रैली के रूप में विधायक निवास घेरने पहुंचे। इस कार्यक्रम में जिले के प्रभारी जगन्नाथ पाणिग्रही, पूर्व राज्य मंत्री पूनम चन्द्राकर, पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा, महासमुंद विधानसभा के समन्वय समिति के संयोजक चंद्रहास चन्द्राकर, प्रीतम दीवान, पूर्व जिलाध्यक्ष इन्द्रजीत सिंह गोल्डी, चारों मण्डल के कार्यक्रम प्रभारी प्रकाश चन्द्राकर, राकेश चन्द्राकर, मोती साहू, जिले के उपाध्यक्ष एवं पदाधिकारी, मण्डल प्रभारी, चारों मण्डल अध्यक्ष सतपाल पाली, श्याम साकरकर, धरम पटेल, पप्पू पटेल, मण्डल महामंत्री सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल थे।
भाजपा के पदाधिकारी व कार्यकर्ता विधायक निवास घेरने पहुंचे तो संसदीय सचिव व विधायक विनोद चंद्राकर की पहल पर उनका शरबत पिलाकर स्वागत किया गया। बाद इसके संसदीय सचिव श्री चंद्राकर की अगुवाई में कांग्रेसजन रैली की शक्ल में बेरिकेड तक पहुंचे। जहां प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर भाजपाईयों के विरोध प्रदर्शन पर विनोद चंद्राकर ने कहा कि भाजपाई इस मामले में घडिय़ाली आंसू बहा रहे हैं।
हकीकत यह है कि केंद्र सरकार ने छत्तीसगढ़ राज्य को आबंटित सात लाख 81 हजार 999 मकान बनाने के लक्ष्य को वापस ले लिया है। केंद्र सरकार द्वारा छत्तीसगढ़ राज्य के लंबित राशि को जारी नहीं किया जा रहा है और योजना के लक्ष्य को पूरा नहीं करने का आरोप राज्य सरकार पर ही लगा रही है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा केंद्रीय उत्पाद शुल्क का हिस्सा नहीं देने के साथ ही जीएसटी में लगातार कटौती कर रही है। माइनिंग रायल्टी की राशि भी नहीं दी जा रही है। कांग्रेस शासित छत्तीसगढ़ के साथ केंद्र सरकार द्वारा सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। आवास योजना के मामले में भाजपा का विरोध महज दिखावेबाजी के सिवा कुछ नहीं है। उन्होंने भाजपा नेताओं को नसीहत देते हुए कहा कि भाजपाईयों को दिल्ली जाकर मोदी सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करना चाहिए।
कांग्रेसजनों ने दो टूक शब्दों में कहा कि आवास मामले को लेकर विरोध प्रदर्शन के भाजपाई प्रपंच को जनता अच्छी तरह से समझ रही है। इस दौरान घेराव करने पहुंचे भाजपाईयों को बेरिकेडस के पास नगरपालिका अध्यक्ष राशि महिलांग, पार्षद बबलू हरपाल, सूरज नायक, दीपक चंद्राकर आदि ने शरबत भी पिलाया।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से जनपद अध्यक्ष यतेंद साहू, कृषि उपज मंडी अध्यक्ष हीरा बंजारे, नगरपालिका अध्यक्ष राशि महिलांग, जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री संजय शर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष खिलावन बघेल, ढेलू निषाद समेत बड़ी तादात में कांग्रेसजन मौजूद थे।