महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 22 फरवरी। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में होली त्योहार में रंग गुलाल के साथ-साथ नगाड़े की भी अपनी एक अलग पहचान है। जिला मुख्यालय के नजदीकी गांव भलेसर में इन नगाड़ों का निर्माण होता है। हालांकि इस वक्त बाजारों में रंग, गुलाल और सतरंगी पिचकारियां बिक रही हैं, लेकिन नगाड़ों की बात ही निराली है। इस वक्त कांग्रेस भवन के सामने नेहरू चौक पर नगाड़ों की आवक शुरू हो चुकी है और ग्राहक भी इनकी खरीददारी कर रहे हैं। आधुनिक युग में जब डीजे व अन्य ध्वनि विस्तारक यंत्रों का रुतबा है, ऐसे समय में भी फागुन में अधिकांश लोग चमड़े से बने नगाड़ा ही खरीदना पसंद करते हैं।
वैसे महासमुंद जिले के गांवों और शहरों में अलग-अलग तरीके सेहोली मनाई जाती है। गांवों में महीने भर पहले होलिका अष्टक के लिए सूखी लकडिय़ां एकत्रित करने का काम शुरू हो जाता है। इक्के-दुक्के गांवों में तो लकडिय़ां एकत्र करने के साथ-साथ फागगीत भी शुरू हो जाता है। लेकिन शहरों के चौक चौराहों में मंडली के रूप में नगाड़े बजाकर फाग गीत गाने का क्रम सप्ताह भर पहले ही शुरू हो पाता है। नगाड़े के साथ फाग गीत गाकर ही लोग एक दूसरे पर रंग-गुलाल लगाकर यह त्यौहार मनाते हैं।
इस बार होलिका दहन सात मार्च की रात्रि को बताया जा रहा है। लिहाजा त्यौहार करीब आते ही इसका उत्साह शुरू हो चुका है। बाजार में रंग, गुलाल के साथ चौक चौराहों में नगाड़ेे बिकने के लिए आ गया है। इस बार नगाड़े के दाम में बढ़ती महंगाई का असर दिखने लगा है। नगाड़ा पांच सौ रुपए से लेकर एक-दो हजार रुपए जोड़ी में बिक रहा है। छोटे आकार वाले नगाड़े पांच सौ रुपए तथा बड़े आकार वाले नगाड़े दो हजार रुपए जोड़ी में बिक रहा है।
भलेसर में जैसा मैंने देखा-मृत गाय बैैलों के चमड़े उतार कर उसमें नमक-लगाकर कुछ दिन तक ढंककर रखा गया। इसके बाद उसे तालाब ले जाकर अच्छे से धोया गया। भलेसर में इसके लिए एक अलग तालाब है। इससे चमड़े में लगे मांस और रोएं निकल गए। फिर चमड़े को धूप दिखाकर कई दिनों तक सुखाया गया। सूखे चमड़े में से कुछ को रस्सीनुमा काटकर अलग किया गया। कुछ चमड़े को गोलाई से आकार में काटकर नगाड़े में फिट करके काटा गया। इसके बाद काटे गए चमड़े को फिर से गीला कर नगाड़े के व्यूह में फांसकर रस्सियां तान उसे बजााने लायक बनाया गया। सूखने के बाद नगाड़े बाजार में बेेचने लाए गए।