महासमुन्द
जिले के 45 गांवों से सैकड़ों लोग हुए शामिल , ज्ञापन सौंपा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 21 फरवरी। ग्राम बनसिवनी में रात्रि पड़ाव के बाद वहां से निकलकर अनेक ग्रामों से गुजरते हुए वनाधिकार संवाद पद यात्रा सोमवार की दोपहर जिला मुख्यालय पहुंची।
इस दौरान यात्रा प्रमुखों ने कलेक्ट्रेट में ज्ञापन सौंपा जिसमें वनाधिकार के साथ-साथ सिकाशेर जलाशय के पानी को महासमुंद जिला कोडार जलाशय तक लाने नहर नाली निर्माण, छोटे बड़े नदी पर डायवर्सन, विशेष पिछड़ी समुदाय कमार, भुजिया परिवार को आर्थिक और सामाजिक शैक्षणिक विकास, भय एवं भूख मुक्त जीवन जीने के लिए भूमि आवंटन, वन विकास निगम अधिकारियों-कर्मचारियों के द्वारा की जा रही प्रताडऩा पर नियंत्रण, जंगल सत्याग्रह आन्दोलन, संवाद यात्रा की विस्तृत जानकारी लिखी गई है।
इस यात्रा में महासमुंद जिले के 45 गांवों से सैकड़ों लोग शामिल हुए। पदयात्रियों ने बताया कि वनाधिकार संवाद यात्रा का मुख्य उद्देश्य 13 दिसंबर 2005 के पूर्व से वन भूमि पर काबिज होकर अपने जीवन यापन करते आ रहे आदिवासियों एवं अन्य परंपरागत वन निवासियों को उनका हक दिलाना है।
इनका कहना है कि वनाधिकार कानून अधिनियम 2006 में बना। इस कानून को 16 वर्ष बीत गया लेकिन आज तक जमीनी स्तर पर इस कानून का ठीक से पालन नहीं किया गया है। वनों में रहने वाले आदिवासी एवं अन्य परंपरागत वन निवासी इस कानून के लाभ से वंचित हैं। गरीब परिवार सरकार की मुंह ताकते रह गए हैं। वर्तमान सरकार ने भी इस कानून को लेकर घोषणा की थी कि वनों में रहने वाले आदिवासियों एवं अन्य परंपरागत वनवासियों को वन अधिकार पट्टा दिया जाएगा। लेकिन यह घोषणा भी धरी के धरी रह गई।
इस यात्रा में अनेक ग्रामों से वनाधिकार समिति के अध्यक्ष, सचिव तथा सदस्यों की उपस्थिति के साथ-साथ एकता परिषद के वरिष्ठ साथी सीताराम सोनवानी, हनुमंत नाग, जिला समन्वयक हेमन्त कुमार सोनवानी, कार्यकर्ता उत्तम प्रधान, पुष्पा साहू, रामकुमार खैरवार, भारती साहू शामिल थे।