महासमुन्द

इंद्रधनुषी रंग-गुलाल से सज गया बाजार, म्यूजिक पिचकारी की ज्यादा डिमांड
20-Feb-2023 2:52 PM
इंद्रधनुषी रंग-गुलाल से सज गया बाजार, म्यूजिक पिचकारी की ज्यादा डिमांड

टेसू फूल और अष्टगंध वाले चंदन गुलाल की खुशबू वाला गुलाल भी बिकने पहुंचा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 20 फरवरी।
होली का उत्साह महासमुंद के बाजार में नजर आने लगा है। जिला मुख्यालय समेत जिले के अन्य बाजारों में गुलाल और पिचकारी के इंद्रधनुषी रंग बिकने पहुंचे हैं। बाजार में लाल, पीले, गुलाबी और हरे रंग के पिचकारी, गुब्बारे और फैंसी टोपी खरीदने के लिए ग्राहकों में उत्सुकता है। इस साल बाजार में चाइना की जगह पूरी तरह से स्वदेशी पिचकारी बिकने पहुंची है। इस बार टेसू के फूल और अष्टगंध वाले चंदन गुलाल की खुशबू वाला गुलाल भी बिकने पहुंचा है।

दुकानों में रंग और संगीत निकलने वाली पिचकारी भी बिकने पहुंची है। इन पिचकारियों में होली के फिल्मी गीत भी सुनाई देंगे। इस बार म्यूजिक पिचकारी सबसे ज्यादा डिमांड में है। इसके बाद गुलाल वाली गन को भी पसंद किया जा रहा है। इसमें गुलाल भरकर दूर तक उड़ाया जा सकता है। इन पिचकारियों की कीमत 100 से 500 रुपए तक है। सबसे अलग बात यह है कि इस साल भी महासमुंद जिले में स्वसहायता सूमह की महिलाएं बाहरी रंग-गुलाल को टक्कर दे रही हैं।

जिले की बिहान से जुड़ी महिलाएं दिन-रात हर्बल गुलाल तैयार करने में लगी हैं। क हा जा रहा है कि इस गुलाल को लगाने से चेहरे पर कोई साइड इफेक्ट नहीं होता है। महिला स्वयं सहायता समूह के जरिए तैयार किए जा रहे इन हर्बल गुलाल और हर्बल रंग की कई विशेषताएं हैं। इसमें फूलों के रंग का इस्तेमाल किया जाता है। इतना ही नहीं गुलाल और रंग में महक के लिए भी फूलों का ही इस्तेमाल किया जाता है। इसमें किसी भी तरह का केमिकल नहीं मिलाया जाता है, जो नुकसान करें। यही वजह है कि इस गुलाल और रंग की डिमांड जिलेे सहित आसपास के जिलों में से भी आ रही है।   

महासमुंद जिले के ग्राम पंचायत डोंगरपाली की जयमाता दी समूह की महिलाएं भी हर्बल गुलाल बनाने में जुट रही हैं। समूह की सदस्य अम्बिका साहू ने बताया कि पिछले साल होली में 50 किलो हर्बल गुलाल महिलाओं ने बनाया, जिसकी काफी मांग रही। उन्होंने कहा कि 10 रुपए 20 और 50 रुपए के हर्बल गुलाल के पैकेट बनाए थे। इस बार हर्बल गुलाल ज़्यादा बनाए जाने का लक्ष्य है।

उन्होंने बताया कि पालक, लालभाजी, हल्दी, जड़ी, बुटी व फूलों से हर्बल गुलाल बनाने का कार्य कर रही। इसके अलावा मंदिरों फूलों के बाजार से निकलने वाली इस्तेमाल किए हुए फूल पत्तियों को सुखाकर प्रोसेसिंग यूनिट में पीसकर गुलाल तैयार किया जाता है। गुलाब, गेंदे, स्याही फूल के साथ चुकंदर, हल्दी, आम और अमरूद की हरी पत्तियां को भी प्रोसेस किया जाता है।  

महिलाओं ने बताया कि एक किलो हर्बल गुलाल बनाने में करीब 150 रुपए खर्च आ रहा है। गुलाल को बनाने में वे पालक, चुकंदर, सिंदूर आदि का उपयोग करती है। इस गुलाल के प्रयोग से किसी तरह का त्वचा को नुकसान नहीं होगा। इसलिए क्षेत्र के लोग भी इसमें रुचि दिखा रहे हैं। हमारा प्रयास है कि लोगों को हर्बल गुलाल के फायदे को समझाएं ताकि लोग इन्हें अपनाएं। वैसे भी यह उत्पाद बाहर देश आदि से आने वाले गुलाल से सस्ते हैं।

महासमुंद विकासखण्ड के ग्राम पंचायत मामा भांचा की विकास महिला स्वसहायता समूह इस वर्ष की होली के लिए पालक, लालभाजी, हल्दी, फूलों से हर्बल गुलाल बना रही है। उनके द्वारा वर्तमान में पीला, संतरा, लाल एवं चंदन रंग के गुलाल का निर्माण किया जा रहा है, जिसका विक्रय स्वसहायता समूह की महिलाओं द्वारा गौठान परिसर, दुकान के माध्यम से किया जा रहा है। समूह की अध्यक्ष रोहणी ने  बताया कि हर्बल गुलाल का आर्डर स्वसहायता समूह को दिया जा सकता है। हर्बल गुलाल बनाने मेंं हल्दी, ईत्र, पलास का फूल, विभिन्न साग-भाजी एवं खाने का चूना आदि का उपयोग किया गया है। वर्तमान में समूह द्वारा 10 किलोग्राम गुलाल निर्मित किया जा चुका है। समूह की महिलाओं को हर्बल गुलाल बनाने का प्रशिक्षण प्रशिक्षकों के द्वारा दिया गया है।


अन्य पोस्ट