महासमुन्द

कलेक्टर ने ली समय-सीमा की बैठक
22-Feb-2023 3:35 PM
 कलेक्टर ने ली समय-सीमा की बैठक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 22 फरवरी।
कलेक्टर निलेशकुमार क्षीरसागर ने मंगलवार कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय सीमा की बैठक में कहा कि 1 नवम्बर 2004 से 31 मार्च 2022 के मध्य नियुक्त शासकीय सेवकों के लिए पुरानी पेंशन योजना का लाभ लेने या नयी पेंशन योजना एनपीएस में यथावत बने रहने का विकल्प अभी तक जिन अधिकारी-कर्मचारियों ने चयन नहीं किया है, वे 24 फरवरी तक यह कार्य कर लें। इस कार्य को सभी कार्यालय प्रमुख,सरकारी आहरण संवितरण अधिकारी सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ अपने अधिकारियों से विकल्प भरवाकर छत्तीसगढ़ शासन वित्त विभाग द्वारा जारी निर्देशानुसार संबंधित जानकारी अविलंब अपलोड करना सुनिश्चित करें। 

उन्होंने कहा कि इस संबंध में कोई समस्या या दिक्कत आ रही है तो जिला कोषालय अधिकारी से सम्पर्क कर समस्या का निदान करें और राजस्व अधिकारी लोगों के लंबित समय सीमा के राजस्व प्रकरण, नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, वनाधिकार पत्र आदि का त्वरित निराकरण करें। उन्होंने कहा कि नगरीय क्षेत्र में स्थित 7500 वर्ग फीट भूमि तक अतिक्रमित भूमि के व्यवस्थापन का नियमानुसार लाभ दें। ताकि संबंधित को शासकीय भूमि का वास्तविक मालिकाना हक मिले। इसके लिए संबंधित व्यक्ति को निर्धारित गाइड.लाइन अनुसार राशि जमा कर अतिक्रमण भूमि के व्यवस्थापन योजना का लाभ मिल सके। 

उन्होंने मुख्यमंत्री के जनता से भेंट मुलाकात के दौरान की गई घोषणा और समाज सेवी संगठनों और समाज प्रमुखों से मुलाकात के दौरान की गई घोषणाओं में अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी ली। 

कलेक्टर श्री क्षीरसागर ने कहा कि जिन विकासखण्डों से राजीव युवा मितान क्लब से उपयोगिता प्रमाण पत्र की जानकारी नहीं दी गई है, वे तत्काल दें। कलेक्टर ने बारी-बारी से विभिन्न विभागों से समय सीमा के प्रकरणों की अद्यतन की जानकारी ली। 
इस अवसर पर अपर कलेक्टर दुर्गेश वर्मा,ओपी कोसरिया, एसडीएम उमेश साहू, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डा.एसआर बंजारे, डिप्टी कलेक्टर सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

 


अन्य पोस्ट