महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 23 फरवरी। पुलिस अधीक्षक महासमुंद के मार्गदर्शन में थाना सिंघोड़ा पुलिस ने ओडि़शा से महासमुंद के रास्ते 9 लाख कीमती गांजा परिवहन करते 2 अंतर राज्यीय तस्करों को हिरासत में लिया है। आरोपियों से 24 किलो 800 ग्राम गांजे के अलावा तस्करी में प्रयुक्त सेलेरियो कार को भी बरामद किया है।
सिघोड़ा पुलिस को मुकबिर से पता चला कि गांजे का बड़ा खेप एक सेलेरियो कार में ओडि़शा से महासमुंद होते हुये रायपुर की ओर आ रही है। जिस पर पुलिस अधीक्षक महासमुंद ने सिंघोड़ा पुलिस की टीम को त्वरित कार्रवाई के लिए निर्देशित किया। समस्त पाईंटों पर बल तैनात कर संदिग्ध वाहन की जांच शुरू हुई और एक सेलेरियो कार पहुंची। पुलिस ने उसे ग्राम रेहटीखोल के पास घेराबंदी कर रोका। नाम पता पूछने पर कार में बैठे लोगों ने अपना नाम शेख जावेद उम्र 28 वर्ष साकिन मठपुरैना रायपुर तथा रवि मिश्रा उम्र 31 वर्ष साकिन संतोषी नगर रायपुर बताया।
वाहन की तलाशी लेने पर कार के पीछे डिक्की में एक प्लास्टिक बोरी में प्लास्टिक बोरियों में 24 किलो 800 ग्राम मादक पदार्थ गांजा मिला। वाहन में अवैध गांजा परिवहन करते पाये जाने पर मौके पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर 24.800 किग्रा गांजा कीमती लगभग 5 लाख रुपए के अलावा सेलेरियों एक्स कार कीमती 4 लाक रुपए जब्त किया गया। आरोपियों ने बताया कि गांजा ओडिशा से रायपुर छत्तीसगढ़ ला रहे थे। दोनों के विरुद्ध 20 ख एनडीपीएस के तहत थाना सिंघोड़ा में कार्रवाई की गई है।