महासमुंद जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों के लिए 2 व्यय प्रेक्षकों ने मोर्चा सम्हाला
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,22अक्टूबर। महासमुंद जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों के लिए कल शनिवार को चुनाव की अधिसूचना जारी होने के साथ ही नाम निर्देशन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। पहले दिन एक भी नाम निर्देशन पत्र दाखिल नहीं हुआ। जबकिए 12 लोगों ने नाम निर्देशन पत्र लिए हैं। चारों विधानसभा क्षेत्रों के लिए नियुक्त 2 व्यय प्रेक्षक भी यहां पहुंच गए हैं। उन्होंने कल ही मीटिंग लेकर चुनाव संबंधी कड़े निर्देशदिए हैं। साथ ही सीमा पर बने सभी चेक पोस्टों पर 24 घंटे वाहनों की निगरानी करने कहा है।
भारत निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशों के अनुरूप कल जिले के चार विधानसभा क्षेत्रों हेतु निर्वाचन की अधिसूचना जारी कर दी गई है। जिसकी सार्वजनिक सूचना का प्रकाशन प्रारूप एक में प्रात: 11 बजे रिटर्निंग ऑफिस के कार्यालय सूचना पटल पर चस्पा कर प्रकाशन किया गया है। जारी अधिसूचना के अनुसार विधानसभा क्षेत्र 39 सरायपाली, 40 बसना, 41 खल्लारी एवं 42 महासमुंद के विधानसभा चुनाव की अभ्यर्थिता हेतु आगामी 30 अक्टूबर 2023 सार्वजनिक अवकाश को छोडक़र तक नाम निर्देशन पत्र प्राप्त किए जा सकेंगे।
रिटर्निंग ऑफिसर कार्यालय से नाम निर्देशन पत्र प्राप्त करने का समय प्रतिदिन प्रात: 11 बजे से अपरान्ह 3 बजे तक रहेगा। जारी अधिसूचना के अनुसार निर्वाचन लड़े जाने की दशा में 17 नवंबर 2023 को पूर्वान्ह 8 बजे से अपरान्ह 5 बजे के बीच मतदान होगा। उधर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी प्रभात मलिक ने रिटर्निंग अधिकारी के कक्ष का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने आवश्यक तैयारियां देखी।
कल नाम निर्देशन के पहले दिन जिले से कुल 12 व्यक्तियों ने नाम निर्देशन फार्म लिए हैं। विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 42 महासमुंद के लिए 5.41. खल्लारी के लिए6 एवं 40 बसना के लिए एक व्यक्ति ने जिला निर्वाचन कार्यालय के नाम निर्देशन कक्ष से नाम निर्देशन पत्र लिया है। जिला निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार कल पहले दिन महासमुंद विधानसभा क्षेत्र से जय कोसरिया निर्दलीय, डेजी रानी नेताम गोंडवाना गणतंत्र पार्टी,किरण धृतलहरे निर्दलीय, पंकज साहू निर्दलीय एवं अशोक कुमार छत्तीसगढ़ समाज पार्टी ने नाम निर्देशन पत्र लिया है।
इसी तरह खल्लारी विधानसभा अंतर्गत चम्पा लाल पटेल निर्दलीय, सुखनंदन देशकर निर्दलीय, ईश्वर मारकंडे निर्दलीय,
संतोष कुमार बंजारे निर्दलीय, सुफल साहू बसपा, गोंड़वाना गणतंत्र पार्टी,अल्का चंद्राकर भारतीय जनता पार्टी व विधानसभा बसना अंतर्गत मनोज कुमार अग्रवाल निर्दलीय ने नाम निर्देशन पत्र प्राप्त किया है।
जिले के समस्त बैंकों के शाखा प्रबंधकों की जिला पंचायत सभागार में प्रशिक्षण आयोजित किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ एस आलोक ने कहा कि चुनाव लडऩे वाले अभ्यर्थियों को नामांकन दाखिल करने से कम से कम एक दिन पहले नया बैंक खाता खोलना होता है। सभी बैंकों को यह ध्यान रखना होगा कि अभ्यर्थियों को खाता खोलने में कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए तथा प्राथमिकता के आधार पर उन्हें खाता खोल कर चेक बुक प्रदान करना होगा। जिला मास्टर जानकारी संबंधित रिटर्निंग ऑफिसर तथा सहायक व्यय प्रेक्षक को देना होगा। साथ ही इन खातों में अगर 1 लाख रुपए या इससे अधिक राशि का लेनदेन होता है तो इसकी भी जानकारी देना होगा। इसके अतिरिक्त अभ्यर्थी द्वारा नामांकन पत्र दाखिल करते समय प्रारूप 26 शपथ पत्र में अपने पति या पत्नी और आश्रितों के बैंक खातों की जानकारी दी जाती है। इन खातों में होने वाले संदिग्ध और असामान्य लेन.देन की जानकारी भी बैंक द्वारा रिटर्निंग ऑफिसर को दी जाएगी।। सभी गतिविधियों की वीडियोग्राफी, रिकॉर्डिंग आदि करने के निर्देश भी दिये गए हैं।
उन्होंने चुनाव लडऩे वाले सभी उम्मीदवारों का अनिवार्य रूप से बैंक एकाउंट खुलवाने कहा। जिससे ऑनलाइन पेमेंट का हिसाब मिल सके। व्यय प्रेक्षक ने निष्पक्ष निर्वाचन के लिए आयोग द्वारा निर्धारित व्यय की सीमा को ध्यान में रखते हुए प्रतिदिन प्रतिवेदन देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि किसी भी तरह का इनपुट प्राप्त होने पर तत्काल जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करें।
व्यय प्रेक्षकों ने कहा कि निर्वाचन व्यय को दो श्रेणियों में विभाजित किया जा सकता है। निर्वाचन व्यय की पहली श्रेणी में विधिक व्यय है। जिसमें निर्वाचन प्रचार के लिए कानून अंतर्गत अनुमति दी गई है। बशर्ते वह अनुमेय सीमा के भीतर हो। निर्वाचन व्यय की दूसरी श्रेणी में उन मदों पर किए गए खर्च शामिल है, जिनकी अनुमति कानूनन नहीं दी जाती है। जैसे धन अथवा शराब का वितरण या निर्वाचकों को प्रभावित करने के प्रयोजन से वितरित की गई या दी गई कोई अन्य वस्तु।