महासमुन्द
चार चुनावों में बसना में मतदान का प्रतिशत सबसे ज्यादा, महासमुंद में सबसे कम
जिले की चारों विस सीटों के लिए 1079 मतदान केन्द्र
महासमुंद, 22 अक्टूबर। महासमुंद जिले की चारों विधानसभा सीटों पर दूसरे चरण में 17 नवंबर को मतदान होगा। इसके लिए जिले भर में कुल 1079 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। पिछले चार विधानसभा चुनावों में जिले मेंसबसे ज्यादा मतदान बसना विधानसभा में हुआ। मतदान का सबसे कम प्रतिशत महासमुंद में देखा गया। वर्ष 2018, 2013 और 2008 में सबसे अधिक क्रमश: 85.8, 84 और 79 प्रतिशत मतदान बसना विधानसभा में हुआ था। जबकि वर्ष 2003 के चुनाव में सरायपाली विधानसभा में सबसे अधिक 81.8 प्रतिशत मतदान हुआ था। पिछले चार विधानसभा चुनावों के मतदान आंकड़ों पर नजर डालें तो औसत मतदान प्रतिशत अन्य विधानसभाओं से महासमुंद विधानसभा में कम ही रहा।
महासमुंद जिले में पुुरुषों के बनिस्बत महिला वोटर 11 हजार 602 अधिक: 4,32, 742 महिला-4,21,140 पुरुष मतदाता हैं।
दूसरे चरण में महासमुंद जिले के 4 विधानसभाओं में कल 21 अक्टूबर से प्रत्याशियों का नामाकंन दाखिला शुरू हो गया है। यह आगामी 30 अक्टूबर तक जारी रहेगा। इसके बाद 31 अक्टूबर को संवीक्षा, 2 नवंबर तक नाम वापसी के बाद 17 नवंबर को जिले की चारों विधानसभा सीट के लिए 1079 मतदान केन्द्रों में मतदाता अपने विधायक चुनने के लिए मतदान करेंगे। अंतिम में 3 दिसंबर को मतगणना होगी।
इस चुनाव में अधिक से अधिक मतदान हो सके इसके लिए जिला प्रशासन लगातार जागरूकता अभियान चला रही है। पिछले वर्ष 2003 से 2018 तक के विधानसभा चुनाव में जिले का मतदान प्रतिशत 80.6 प्रतिशत रहा। इसे एक अच्छा मतदान प्रतिशत मामना जाता है। आंकड़ों पर नजर डालें तो वर्ष 2018 में महासमुंद जिले में कुल मतदाता संख्या 7 लाख 85 हजार 338 मतदाता थे। जिनमें से 6 लाख 54 हजार 231 ने मताधिकार का प्रयोग किया था। यानि 83.3 प्रतिशत मतदान हुआ।
इसी प्रकार 2013 में कुल मतदाता 7 लाख 23 हजार 979 मतदाताओं में से 6 लाख 2 हजार 529 ने मताधिकार का प्रयोग किया और 83.2 प्रतिशत मतदान हुआ। वर्ष 2008 में कुल मतदाता 6 लाख 58 हजार 35थे। जिनमें से 5 लाख 5 हजार 169 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया और मतदान का प्रतिशत 76.7 रहा। साल 2003 के विधानसभा चुनाव में कुल मतदाता 5 लाख 37 हजार 208 थे। जिनमें से 4 लाख 18 हजार 55 ने मताधिकार का प्रयोग किया और मतदान का प्रतिशत 76.7 प्रतिशत रहा।
वर्ष 2003 से 2018 तक के विधानसभा चुनाव पर विधानसभावार नजर डालें तो 2018 में सबसे अधिक मतदान बसना विधानसभा में हुआ था जब 2 लाख 4 हजार 420 मतदाता में 1 लाख 75 हजार 405 औसत मतदाताओं ने अपने मतदान का प्रयोग किया। यहां कुल 85.8 प्रतिशत मतदान हुआ। इसी प्रकार 2013 में 1 लाख 89हजार 414 मतदाता में से 1 लाख 59 हजार 255 मतदाताओं ने मतदान किया था और कुल 84 प्रतिशत मतदान हुआ। इसके बाद वर्ष 2008 के चुनाव में बसना विधानसभा में ही कुल1 लाख 75 हजार 618 मतदाताओं में से 1 लाख 38 हजार 877 ने अपने मतदान का प्रयोग किया और कुल 79 प्रतिशत मतदान हुआ।
वर्ष 2003 के चुनाव में सरायपाली विधानसभा में सबसे अधिक 81.8 प्रतिशत वोट डाले गये। यहां कुल 1 लाख 37 हजार 111 मतदाताओं में से 1 लाख 12 हजार 272 ने अपने मतदान का प्रयोग
किया। साल 2018 के मुकाबले इस बार जिले में 66 हजार 471 मतदाता बढ़े हैं। बसना में सबसे अधिक 18 हजार 549 मतदाता बढ़े हैं। इसके अलावा सरायपाली में 13 हजार 744, खल्लारी में 17 हजार 918 और महासमुंद में 16 हजार 471 मतदाता बढ़े हैं। जिले में चारों विधानसभा में
कुल 8 लाख 53 हजार 902 मतदाता हैं जिनमें 4 लाख 21 हजार 140 पुरुष, 4 लाख 32 हजार 742 महिला और 20 अन्य मतदाता हैं। देखना होगा कि आसन्न विधानसभा चुनाव में इस बार कितने मतदाता अपने मत का प्रयोग करते हैं।