महासमुन्द

जीवन में जगत जननी की कृपा के बिना जगत पिता का ज्ञान संभव नहीं होता-शास्त्री
22-Oct-2023 3:07 PM
जीवन में जगत जननी की कृपा के बिना जगत पिता का ज्ञान संभव नहीं होता-शास्त्री

 ‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 22 अक्टूबर। नवरात्र पर महासमुंद स्थित त्रिमूर्ति कालोनी में आयोजित सरिता-प्रमोद तिवारी के निवास पर श्रीमद् देवी भागवत ज्ञान यज्ञ महोत्सव आयोजित है।

कथावाचक आचार्य झम्मन शास्त्री ने शनिवार को देवी महिमा के साथ शक्ति उपासना का महत्व बताते हुए कहा कि जीवन में जगत जननी की कृपा के बिना जगत पिता का ज्ञान संभव नहीं होता। सांसारिक वासनाओं की निवृत्ति के लिए मां भगवती की उपासना आवश्यक है। मानव आदि शक्ति महामाया की उपासना से ही लौकिक माया के बंधन से मुक्त हो सकते हैं। इसलिए जीव मात्र के कल्याण की भावना से जगत माता कई रूपों में अवतार लेकर भारत की पवित्र भूमि में लीला करती हैं। जिनके द्वारा शक्ति प्राप्त कर ब्रह्मा, विष्णु, महेश त्रिदेव भी जगत के सृष्टि पालन और संहार कार्य में सफल होते हैं।

उन्होंने बताया कि भारत देश सती साध्वी पतिव्रताओं का देश है, मां दुर्गा, महाकाली, महालक्ष्मी, महासरस्वती, सीता, राधा, पार्वती, सावित्री, गंगा, गायत्री 16 मातृका, 64 योगिनी, 10 महाविद्या के रूप में प्रकट होकर जीव मात्र को केवल अभय दान ही प्रदान नहीं करती हैं। बल्कि असुरों से संहार के लिए सदैव तत्पर रहती है। जिस देश में नारी शक्ति का सम्मान होता है, वहां देवता भी बालक बनकर प्रकट हो जाते हैं। शास्त्री जी ने कथा की श्रृंखला के मध्य नाम संकीर्तन द्वारा श्रोताओं को मंत्र मुग्ध करते हुए कहा कि मां की प्रसन्नता के लिए स्तुति प्रार्थना के साथ हम सत्कर्म पारायण बनकर स्वधर्म का पालन करें। उन्होंने शिव-पार्वती विवाह, शक्तिपीठ वर्णन, सृष्टि वर्णन, वराह अवतार, तुलसी विवाह और देवी उपासना का वृतांत उपस्थित श्रद्धालुओं को बताया।


अन्य पोस्ट