‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बागबाहरा/महासमुंद, 30 अक्टूबर। कोमाखान के टेमरी में उप सरपंच के घर विस्फोट करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपी ग्राम टेमरी के रहने वाले हैं। जमीनी विवाद के कारण घटना को अंजाम देना माना जा रहा है। वहीं इस प्रकरण में दोनों आरोपियों को विस्फोटक सामग्री देने वाले की भी पुलिस तलाश कर रही है। समाचार लिखे जाने तक तीसरा व्यक्ति पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।
उक्त मामले का का खुलासा बागबाहरा एसडीओपी डॉ. यूलैडन यार्क ने किया। उन्होंने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि टेमरी के उप सरपंच राधेश्याम साहू के घर विस्फोट करने वाले दो आरोपी मनोज कुमार ठाकुर उर्फ पुन्ना और बालकुमार ठाकुर को गिरफ्तार किया गया है। दोनों ने मिलकर घटना को अंजाम दिया है। पूछताछ के दौरान आरोपितों ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि पुन्नी मेला के दिन गांव में सूनसान होने का फायदा उठाकर घटना को अंजाम देना बताया है।
पिता पर कार्रवाई होने के कारण पुत्र ने साथी के साथ मिलकर दिया अंजाम एसडीओपी ने बताया कि ओडिशा निवासी गेनकू मांझी सेवानिवृत्त सैनिक है। उसने ग्राम टेमरी के आरोपी मनोज ठाकुर के पिता इंदल ठाकुर की जमीन को खरीदा है। जमीन खरीदने के बाद गेनकू बगल के जमीन को अतिक्रमण कर रहा था, जिस पर , गांव के उप सरपंच राधेश्याम साहू ने आपत्ति दर्ज कराई। इसी बात को लेकर उप सरपंच और सेवानिवृत्त सैनिक के बीच विवाद चल रहा था।
इधर, इंदल ठाकुर से खरीदे जमीन का पांच लाख रुपये देना शेष है, जिसे लेने के लिए इंदल ठाकुर गेनकू के पास जाता है, लेकिन उसे जमीन में आपत्ति की बात कहकर बिना रुपये दिए वापस भेज देता था, जिससे वह नाराज चल रहा था। दो अक्टूबर को इसी बात को लेकर इंदल ठाकुर उप सरपंच राधेश्याम साहू के घर जाकर विवाद करने लगा, जिस पर कोमाखान पुलिस ने प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। इस बात से मनोज ठाकुर आक्रोशित था ।
सूनसान पाकर दिया घटना को अंजाम
इंदल ठाकुर पर कार्रवाई से उसका बेटा मनोज आक्रोशित हो गया था। बदला लेने के लिए उसने बाल कुमार ठाकुर के साथ मिलकर घटना को अंजाम देने के लिए रणनीति तैयार की। उन्होंने एक तीसरे व्यक्ति से मिलकर विस्फोटक सामग्री तार, बारुद और गनपाउडर का उपयोग कर बम बनाया। वहीं घटना को अंजाम देने के लिए समय देख रहाथा।
आरोपी ने पुलिस को बताया कि 27 अक्टूबर को ग्राम टेमरी में पुन्नी मेला का त्यौहार था। इस दौरान गांव में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन भी था। सभी कार्यक्रम देखने गए थे। सूनसान का फायदा उठाकर उप सरपंच के यहां विस्फोट कर दिया।
ओडिशा से पकड़े गए आरोपी
घटना के बाद उप सरपंच में थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई कि अज्ञात द्वारा घर में विस्फोट कर दिया गया है, जिससे मकान क्षतिग्रस्त कर दिया है, वहीं गंभीर चोट आ सकती थी।
इधर, पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेकर अज्ञात के खिलाफ एफआइआर दर्ज कर विवेचना में लिया और आरोपितों की तलाश शुरू की। टीम ने प्रार्थी और आसपास के लोगों से पूछताछ किया जो पता चला कि प्रार्थी का विवाद अक्टूबर 2023 को जमीन संबंधी को लेकर हुआ था । एक दिन पूर्व गांव के मनोज कुमार ठाकुर के पिता इंदल ठाकुर प्रार्थी के घर के इसी बात को लेकर विवाद किया था, जिस पर पुलिस ने कार्रवाई की थी।
मनोज उर्फ पुन्ना लाल ठाकुर और साथी बालकुमार ठाकुर गांव में नहीं है। इसके बाद टीम दोनों की तलाश में जुट गई। इसी दौरान पता चला कि मनोज ठाकुर ओडिशा के ग्राम लुकुपाली में है, टीम ने वहां जाकर धर दबोचा। पूछताछ के दौरान बालठाकुर के साथ अपराध को अंजाम देना बताया। इसके बाद बाल ठाकुर को भी गिरफ्तार किया।