महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,22अक्टूबर। महासमुंद स्थित शक्तिपीठों, देवी मंदिरों और दुर्गा पंडालों में माता के दर्शन के लिए लोग उमड़ पड़े। शहर के अलावा आसपास गांवों से भी भक्तों की भीड़ सडक़ों पर उमड़ पड़ी। देर रात तक पंडालों में खूब भीड़ रही। कहीं-कहीं झांकी देखने लंबी कतार में लगकर भक्त अपनी बारी का इंतजार करते रहे।
मालूम हो कि रविवार 15 अक्टूबर से नवरात्र पर्व प्रारंभ है। पंचमी पर देवी मंदिरों सहित सार्वजनिक मां दुर्गा पंडालों में माता का विशेष शृंगार कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। पश्चात सप्तमी को देवी मंदिरों और दुर्गा पंडालों में माता के दर्शन के लिए हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। शहर की सडक़ों पर देर रात तक रौनक बनी रही।
महासमुंद की मां महामाया, बिरकोनी चंडी, भीमखोज खल्लारी माता, घुंचापाली चंडी माता मंदिर सहित जिले के देवी मंदिरों में असंख्य भक्त पहुंच रहे हैं। शहर के दादाबाड़ा स्थित केदारनाथ धाम पंडाल में विराजित मां दुर्गा के दर्शन के लिए भक्तों की इतनी भीड़ रही कि पंडाल छोटा पड़ गया। अंबेडकर चौक में महाभारत की चलित झांकी और मां दुर्गा की मनमोहक प्रतिमा निहारते बड़ी संख्या में भक्तों को देखा गया।
शहर के पुराना रायपुर नाका, वेडनर स्कूल के पास,श्री राम मंदिर,सतबहनिया चौक, पुराना मलेरिया आफिस, बीटीआई रोड,लोहिया चौक, हाउसिंग बोर्ड कालोनी,नयापारा क्षेत्र सहित शहर भर में 25 स्थानों पर दुर्गा की प्रतिमाएं, पंडालों में स्थापित की गई हैं।
अष्टमी पर नगर की अधिष्ठात्री देवी महामाया मंदिर, शीतला माता मंदिर व अन्य देवी मंदिरों में हवन-पूजन हुआ। दादाबाड़ा मां दुर्गा पंडाल में दोपहर 3 बजे हवन-पूजन शुरू हुआ। भीमखोज खल्लारी मंदिर में सुबह 10 बजे से, घुंचापाली चंडी मंदिर में नवमीं के दिन पूर्णाहूति के साथ कन्या भोज और महाप्रसादी दी जाएगी।