पहाड़ के ऊपर ही ऋषि सरोवर, ऋषि गुफा, मुनि धुनि, वराह शीला, चूल्हा, बारस पीपल, भीम बांध इत्यादि स्थित है
तीनों ही पहाड़ों पर आयुर्वेदिक औषधियों का अकूत भंडार है
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 28 अक्टूबर। महासमुंद के नजदीक एक स्थान है मामा भांचा। इसे खोखसा भंवरपुर का जंगल भी कहा जाता है। इस जंगल में एक ही ऊंचाई वाले तीन पहाड़ पास-पास स्थित हैं। इस स्थान को ऋषियों का तपोभूमि भी कहा जाता है। कहा जाता है कि पहाड़ों में ऋषि मुनियों और उनके जप तप से जुड़े काफी अवशेष मौजूद हैं। पहाड़ के ऊपर ही ऋषि सरोवर, ऋषि गुफा, मुनि धुनि, वराह शीला, चूल्हा, बारस पीपल, भीम बांध इत्यादि है। तीनों ही पहाड़ों पर आयुर्वेदिक औषधियों का अकूत भंडार है।
खास बात यह है कि शरद पूर्णिमा की रात्रि चांद-चांदनी के उजाले में लोग इस पहाड़ी पर चढ़ते हैं। बताया जाता है कि यहां ऋषि-मुनि अपनी साधना और तपस्या से शक्ति और सिद्धि प्राप्त किया करते थे। इसीलिए जिले के फुलझर अंचल स्थित खोखसा भंवरपुर जंगल में हर साल शरद पूर्णिमा पर मेला लगता है जो मामा-भांचा मेला के नाम से छत्तीसगढ़ में मशहूर है।
यहां प्रति वर्ष शरद पूर्णिमा पर एक बड़ा मेला लगता है जिसका क्षेत्र के श्रद्धालुओं को बेसब्री से इंतजार रहता है। फुलझर अंचल का यह सबसे बड़ा मेला है जहां ग्राम खोखसा, लोहड़ीपुर, सनबहली, संतपाली, परसाभाडी, बम्हनीडीह, जमदरहा, बनडबरी और भंवरपुर के लोग पहुंचते हैं। कहा जाता है कि यह स्थान प्राचीन काल के ऋषि-मुनियों की तपोभूमि थी। आज भी ऋषियों से जुड़े अवशेष मौजूद हैं। जैसे ऋषि सरोवर, ऋषि गुफा, मुनि धुनि, वराह शीला, चूल्हा, बारस पीपल, भीम बांध इत्यादि। बताया जाता है कि यहां ऋषि-मुनि अपनी साधना और तपस्या से शक्ति और सिद्धि प्राप्त किया करते थे। प्राचीन काल से लगने वाले मामा-भांचा मेला के नाम से इस क्षेत्र को मामा-भांचा जंगल के नाम से जाना जाता है।
क्षेत्र के बुजुर्ग बताते हैं कि यहां डोंगरी के अंदर में दो झरना है। झील के जैसा छोटा तालाब और हरा भरा मैदान है। भगवान शिव का प्राचीन मंदिर है जहां यज्ञ की भभूत मिल जाती है। इस पर्वत डोंगरी पर आयुर्वेदिक औषधियों का अकूत भंडार है। यहां आज भी वैद्यों को कई दुर्लभ प्रजाति की औषधियां और जड़ी बुटी पौधे आसानी से मिल जाते हैं। डोंगरी के बाहर विशाल जलाशय है जो बारहों महीने पानी से भरा रहता है। यहां अथाह सुरंगें हैं, जहां पत्थरों को हाथ से रगडऩे पर आवाजें और प्रतिध्वनियां सुनाई देती है।
मामा-भांजा आश्रम के बाबा अरक्षित बैरागी कहते हैं-कई वर्षों पहले मामा भांचा शिकारी खोकसा गांव के पास अपनी फसल की रखवाली कर रहे थे। तभी शीत बाबा ने जंगली सुअर का रूप धारण कर मामा-भांचा के खेत में लगी फसलों को खाना और नुकसान पहुंचाना शुरू किया। सुअर का पीछा करते हुए मामा भांचा एक स्थान पर पहुंचे। जैसे ही मामा-भांचा ने जंगली सुअर को मारना चाहा, सुअर ने अपना े असली शीत बाबा का रूप दिखाया। बाबा ने मामा-भांचा से कहा कि तुम शिकारी का काम छोड़ दो। हम तीनों यहां एक साथ रहेंगे। बाबा ने मामा-भांचा से कहा कि लोग हमारी पूजा करेंगे और मामा.भांचा का नाम लेकर कोई मनोकामना मांगेगा तो उसकी मनोकामना पूरी होगी। तभी से तीनों अलग-अलग पहाड़ के रूप में हमेशा के लिए वहीं खड़े हैं।
जंगल के इन तीनों पहाड़ को लोग सीत बाबा, माम और भांचा ही मानते हैं। यहां हर साल शरद पूर्णिमा पर लगने वाले मेले में बसना, सरायपाली, पिथौरा सहित अन्य गांवों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हंै। रातभर पूजा-पाठ एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होते हैं। चांद के उजाले में लोग रात में बड़ी-बड़ी चट्टानों को पार करते हुए पहाड़ों की चोटी पर पहुते हैं जो किसी रोमांच से कम नहीं है। चोटी पर चढक़र वहां से आस पास के क्षेत्र का नजारा देखा जा सकता है। एक दिवसीय इस मेले में रंग बिरंगे सामानों, कपड़ों, सौंदर्य प्रसाधन, मिठाइयों की दुकान और तरह-तरह के झूलों, मीनाबाजार, मनोरंजन के साधन व खेल-खिलौनों की दुकानें सजी रहती है।
लोहाड़ीपुर निवासी सुरेश दास का कहना है कि मामा-भांचा जंगल यह इलाका प्रसिद्ध है। जिसका संरक्षण और विकास की मांग शासन-प्रशासन से करते हुए पर्यटन स्थल के रूप में घोषित करने की मांग की गयी है। क्षेत्र के लोग वर्ष भर यहां पिकनिक मनाने आते हंै। इस प्रसिद्ध धरोहर को सहेजने की दिशा में कोई प्रयास नहीं किया जा रहा है।