महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 21 अक्टूबर। शनिवार को पुलिस लाइन महासमुंद में भारत के शहीद पुलिस जवानों के सम्मान में प्रात: 9 बजे से पुलिस स्मृति दिवस परेड का आयोजन किया गया।
पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने अपने कर्तव्यपालन के दौरान शहीद हुए 188 जवानों के नामों का वाचन किया तथा रक्षित निरीक्षक की अगुवाई में जिले के कलेक्टर प्रभात मलिक, एसपी धर्मेंद्र सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश राव गिरेपुंजे समेत पुलिस के तमाम अफसरों और जवानों ने शहीद हुए जवानों की स्मृति में पुलिस लाईन ग्राउण्ड में निर्मित शहीद स्मारक में शहीदों को सलामी दी। शहीद परेड का नेतृत्व रक्षित निरीक्षक दीप्ति कश्यप ने किया।
मालूम हो कि 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के हॉट स्प्रिंग में देश की सुरक्षा की प्रथम पंक्ति में तैनात केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल के एक छोटे से गश्ती दल पर चीनी सेना ने घात लगाकर हमला किया था। जिसमें 10 पुलिस अधिकारी शहीद हो गये थे और 7 जवान गंभीर रूप से घायल हुए थे। इसी के बाद से ही प्रतिवर्ष 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस के रूप में मनाया जाता है। शहीद स्मारक पर पहले पुलिस अफसरों ने फूल चढ़ाकर शहीदों को नमन किया। दूसरे क्रम पर शहीदों के परिजनों ने तथा तीसरे क्रम पर पत्रकार साथियों ने फूल अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इससे पहले बिगुल की धुन पर परेड में जवानों ने साथी शहीद जवानों तो सिर झुकाकर नमन किया। शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने शहीद परिवार के परिजनों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और कहा कि पुलिस समाज की सजग प्रहरी और सुरक्षा कवच है। आज उन सभी पुलिस कर्मियों को विनम्र श्रध्दांजलि जिन्होंने कर्तव्य पालन करते हुए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया और अमर हो गए।
रक्षित केंद्र परसदा महासमुंद में आयोजित इस पुलिस स्मृति दिवस कार्यक्रम में जिलाधीश महासमुंद प्रभात मलिक, पुलिस अधीक्षक महासमुंद धर्मेंद्र सिंह, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट चित्ररेखा सोनवानी, एसडीएम महासमुंद उमेश साहू तथा प्रशासन में पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित की।