कोण्डागांव

हर्षोल्लास के साथ मना बाल दिवस
14-Nov-2026 9:39 PM
हर्षोल्लास के साथ मना बाल दिवस

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव, 14 नवंबर। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खड़पड़ी जिला कोंडागांव में बाल दिवस का आयोजन हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि रायधर कोराम सरपंच खड़पडी़ के करकमलों द्वारा माँ सरस्वती, भारत माता एवं देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के छायाचित्रों के समक्ष दीप प्रज्वलित कर एवं पूजा-अर्चना के साथ किया गया। तत्पश्चात उपस्थित अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंटकर आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्री कोराम ने कहा कि बाल दिवस बच्चों के लिए अत्यंत खास एवं महत्वपूर्ण दिन है। उन्होंने सभी बच्चों को बाल दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं। उन्हें अपने जीवन में अच्छे संस्कार, अनुशासन, नैतिक मूल्यों एवं आदर्शों को अपनाकर एक जिम्मेदार नागरिक बनने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने बच्चों को पंडित जवाहरलाल नेहरू के विचारों एवं आदर्शों को आत्मसात करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं कमला जोशी, प्रधान पाठक ने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू स्वतंत्र भारत के प्रथम प्रधानमंत्री थे। उन्होंने अनेक विषम परिस्थितियों में देश की बागडोर संभाली और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया। बच्चों के प्रति उनके विशेष स्नेह के कारण उनका जन्मदिवस बाल दिवस के रूप में मनाया जाता है।

उन्होंने विद्यार्थियों को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर शिक्षा, संस्कार एवं अनुशासन के मार्ग पर आगे बढऩे का संदेश दिया।


अन्य पोस्ट