कोण्डागांव
कोंडागांव, 19 नवंबर। जगदलपुर में आयोजित जोन स्तरीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी एवं पश्चिम भारत विज्ञान मेले में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बड़े बेन्दरी के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है। प्रतियोगिता में विद्यालय के विद्यार्थियों ने अपनी वैज्ञानिक सोच, नवाचार एवं प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विभिन्न विधाओं में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
विद्यालय के प्राचार्य संजय ठाकुर के संरक्षण तथा शिक्षक अंकित गुप्ता एवं दिलीप कश्यप के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने प्रतियोगिता में भाग लिया। बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी के अंतर्गत मुख्य विषय ‘सतत एवं विकसित भारत के लिए विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं नवाचार’ के विभिन्न उपविषयों में विद्यालय के विद्यार्थियों ने उल्लेखनीय सफलता हासिल की। इनमें उपविषय ‘स्वदेशी कृषि पद्धतियां’ में कृष्ण दास मानिकपुरी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, वहीं ‘स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं सफाई’ विषय में मिथिला कोर्राम ने प्रथम स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।इसी प्रकार पश्चिम भारत विज्ञान मेले की एकल प्रोजेक्ट प्रतियोगिता में खुशबू कोर्राम ने प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय को एक और गौरवपूर्ण उपलब्धि दिलाई।
विद्यार्थियों की इस सफलता के आधार पर उनका चयन आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है। इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार, अभिभावकों एवं समस्त ग्रामवासियों में हर्ष और उत्साह का माहौल है।
इस अवसर पर विद्यालय परिवार एवं ग्रामवासियों ने सफल विद्यार्थियों, उनके मार्गदर्शक शिक्षकों तथा प्राचार्य को बधाई देते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन करने के लिए शुभकामनाएं दीं।