कोण्डागांव
केंद्रों में प्रभावित हुई खरीदी, टोकन कटने के बावजूद नहीं बेच पाए धान
प्रभारी मंत्री बोले- किसानों को नहीं होगी परेशानी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 20 नवंबर। कोण्डागांव जिले में गुरुवार से छाए बादलों के बाद शुक्रवार तडक़े से शुरू हुई बूंदाबांदी ने मौसम का मिजाज बदल दिया है। बेमौसम बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। कई किसानों की धान फसल कटकर खलिहानों में खुले में रखी हुई है। ऐसे में बारिश से धान के भीगने और फसल खराब होने का डर सता रहा है। मौसम खराब होने के कारण शुक्रवार को गिरोला सहित जिले के कई धान खरीदी केंद्रों में खरीदी प्रभावित रही। जिन किसानों के टोकन कट चुके थे, वे भी धान नहीं बेच पाए।
सातगांव के ग्राम पटेल जल प्रसाद पांडे ने बताया कि पिछली बार बाढ़ से किसानों को नुकसान उठाना पड़ा था। किसी तरह फसल घर तक पहुंचाई, लेकिन अब बेमौसम बारिश ने फिर चिंता बढ़ा दी है। उन्होंने कहा कि किसान इस बात को लेकर परेशान हैं कि खुले में रखी धान की फसल सुरक्षित बचेगी या नहीं। सरकार की ओर से प्रति एकड़ 13,800 रुपये देने की घोषणा को उन्होंने किसानों के लिए राहत बताया, लेकिन कहा कि जिन किसानों की फसल इतनी खराब हो जाएगी कि बेचने लायक भी नहीं बचेगी, उन्हें अपेक्षित लाभ नहीं मिल पाएगा।
वहीं ग्राम सातगांव के किसान रोशन प्रसाद पांडे ने बताया कि फसल कटने के बाद किसान उसे घर तक तो ले आए हैं, लेकिन पर्याप्त भंडारण व्यवस्था और धान को ढकने के लिए तिरपाल तक उपलब्ध नहीं है। उन्होंने बताया कि गिरोला सहित आसपास के खरीदी केंद्रों में बारिश के कारण खरीदी नहीं हुई और टोकन कटने के बावजूद किसान धान नहीं बेच पाए।
गिरोला धान खरीदी केंद्र के लिपिक कौशल सिन्हा ने बताया कि सुबह से बूंदाबांदी और मौसम खराब होने के कारण खरीदी नहीं की गई। इसकी सूचना अधिकारियों को भी दे दी गई थी। शुक्रवार को केंद्र में 11 किसानों के टोकन कटे थे, लेकिन वे धान नहीं ला सके। उन्होंने बताया कि सॉफ्टवेयर दोबारा खुलने पर इन किसानों के टोकन का समायोजन किया जाएगा।
इधर कोण्डागांव जिले के प्रभारी मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। फसल बीमा की व्यवस्था भी किसानों के पास है। मुख्यमंत्री ने पहले भारी बारिश के दौरान बस्तर क्षेत्र का दौरा कर समस्याओं के निराकरण का प्रयास किया था। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार किसानों के साथ खड़ी है और उनकी मांगों व समस्याओं का निराकरण किया जाएगा।